मधु कपूर हत्याकांड: एडीसीपी से नौकरानी ने कहा-हाथ पैर बांधकर की थी बर्बरता, मामला बढ़ने के बाद पुलिस ने पीछे खींचे हाथ
मधु कपूर हत्याकांड में पुलिस की पिटाई की शिकार 65 वर्षीय नौकरानी ने एडीसीपी महिला अपराध को बयान दर्ज कराए हैं। वहीं, पुलिस ज्योतिष हत्याकांड में नौकरानी को सबसे बड़ा संदिग्ध मान रही थी।
विस्तार
कानपुर के स्वरूप नगर में ज्योतिष मधु कपूर की हत्या और लूट के बाद वृद्ध नौकरानी सावित्री पर पुलिस की बर्बरता के मामले में शनिवार को एडीसीपी महिला अपराध शिवा जी ने नौकरानी के बयान दर्ज किए। सावित्री ने उन्हें बताया कि पुलिस ने उनके साथ बर्बरता की थी। ज्योतिष मधु कपूर की हत्या और लूट का खुलासा पुलिस अब तक नहीं कर पाई है।
पुलिस ने शक के आधार पर उनकी वृद्ध नौकरानी सावित्री देवी को कुछ दिनों पहले पूछताछ के लिए उठाया था। जब उसे छोड़ा गया तो शरीर पर पिटाई के गहरे निशान थे। परिजनों ने स्वरूप नगर थाना पुलिस पर थर्ड डिग्री देने का आरोप लगाया था। पुलिस कमिश्नर ने मामले की जांच एडीसीपी महिला अपराध को सौंपी थी।
सावित्री ने अपने बयान में पुलिस पर उसके हाथ पैर बांध कर लाठी से पिटाई करने की बात बताई। नौकरानी के परिजनों के भी बयान दर्ज किए गए। सावित्री से पूछताछ में जो पुलिस कर्मी शामिल थे, उन्हें भी बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया गया है।
नौकरानी ही कर सकती थी खुलासा
सूत्रों के अनुसार पुलिस ज्योतिष हत्याकांड में नौकरानी को सबसे बड़ा संदिग्ध मान रही थी। पुलिस को यकीन था कि सावित्री से पूछताछ में वारदात का खुलासा हो सकता था, लेकिन नौकरानी से सख्ती का मामला तूल पकड़ने के बाद अब पुलिस कर्मियों ने अपने हाथ पीछे खींच लिए हैं।