Mahoba: नहाते समय तालाब में डूबे युवक की मौत, CHC में नहीं मिला डॉक्टर…15 मिनट तक सीपीआर देते रहे परिजन
Mahoba News: बेलासागर तालाब में नहाते समय एक युवक की डूबने से मौत हो गई। परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां उन्होंने आरोप लगाया कि डॉक्टर की गैरमौजूदगी के कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
विस्तार
महोबा जिले में कोतवाली कुलपहाड़ के बेलासागर तालाब में सोमवार की सुबह नहाने गया युवक गहराई में डूब गया। गोताखोरों की मदद से युवक को बाहर निकाला गया। परिजन उसे तत्काल सीएचसी जैतपुर के ले गए, जहां सुबह साढ़े नौ बजे तक कोई डॉक्टर नहीं मौजूद था। परिजन इमरजेंसी में 15 मिनट तक सीपीआर देते रहे, लेकिन जान नहीं बच सकी।
कस्बा बेलाताल के मोहल्ला जमींदारी निवासी राहुल (25) अपने दोस्त वीरू के साथ सुबह बेलासागर तालाब में नहाने गया था। नहाते समय गहराई में जाने से वह डूबने लगा। आनन फानन दोस्त वीरू ने मदद के लिए आवाज लगाई, लेकिन आसपास कोई नहीं दिखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से एक घंटे की मशक्कत के बाद राहुल को तालाब से बाहर निकाला।
इमरजेंसी में सीपीआर देते रहे परिजन
अचेत अवस्था में परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैतपुर ले गए। अस्पताल में कोई डॉक्टर व स्वास्थ्यकर्मी मौजूद नहीं मिला। तब परिजन खुद ही युवक के पेट से पानी निकालने की कोशिश करते रहे। इसके बाद में पहुंचे डॉक्टर ने युवक को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में परिजनों के सीपीआर देते और पेट से पानी निकालने का प्रयास करने का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।
स्टॉफ पर लापरवाही का आरोप
हालांकि, अमर उजाला इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। परिजनों ने अस्पताल स्टॉफ पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। सीएचसी के डॉ. आशीष का कहना है कि युवक को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। आरोप निराधार हैं। फिर भी जांच की जाएगी।