Mahoba: बाइक से गिरी महिला को ट्रक ने रौंदा, गुस्साए ग्रामीणों ने वाहनों में की तोड़फोड़, 47 के खिलाफ मुकदमा
यूपी के महोबा में सड़क हादसे में महिला की मौत हो गई। गुस्साए ग्रामीणों ने वाहनों में तोड़फोड़ की। मामले में पुलिस ने सात नामजद व 40 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
महोबा जिले के कबरई में रिवई-खरेला मार्ग पर बाइक से गिरी महिला के ऊपर से ट्रक रौंदते हुए निकल गया। महिला की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने जाम लगाकर 12 से अधिक वाहनों में तोड़फोड़ की। पुलिस ने तोड़फोड़ करने वाले सात नामजद व 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
थाना कबरई के उटियां गांव निवासी रागिनी (25) पत्नी दुर्गेश मायके से शुक्रवार रात देवर अंबिकेश के साथ बाइक से 11 माह की बेटी गुड़िया को लेकर ससुराल लौट रही थी। उटियां गांव के पास सड़क खराब होने के चलते बाइक का पहिया गड्ढे में पड़ने से रागिनी उछलकर सड़क पर गिर गई। पीछे से आ रहे ट्रक के पहिये के नीचे आने से उसकी मौके पर मौत हो गई जबकि बेटी व देवर के दूसरी तरफ गिरने से वह बाल-बाल बच गए। दुर्घटना के बाद ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया और पथराव कर कई ट्रकों के शीशे तोड़ दिए। दुर्घटना करने वाला चालक ट्रक समेत भाग गया।
सूचना पर पहुंची कबरई पुलिस से ग्रामीणों की नोकझोंक हुई और शव नहीं उठने दिया। बाद में एसडीएम जितेंद्र सिंह, सीओ रामप्रवेश राय के अलावा खन्ना, खरेला, चरखारी और शहर कोतवाली की पुलिस ने मोर्चा संभाला। ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई व सड़क का शीघ्र निर्माण कराने का भरोसा देकर एसडीएम ने जाम खुलवाया। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
थानाध्यक्ष कबरई विनोद कुमार प्रजापति ने बताया कि सात नामजद और 40 अज्ञात के खिलाफ आवागमन बाधित करने, लोक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का मामला दर्ज किया गया है। वहीं, मृतका के ससुर रामप्रताप सोनी की तहरीर पर दुर्घटना को अंजाम देने वाले अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ तेजी व लापरवाही से वाहन चलाने की रिपोर्ट दर्ज हुई है।