UP: करोड़ों के मकान में नौ लाख की लिफ्ट…इटालियन मार्बल भी, अवनीश बोला- लिफ्ट तोहफे की, बाकी सामान उधार लिया
Kanpur News: नूजल संपत्ति मामले की जांच के दौरान अनजान लोगों के घर में दाखिल होने की सूचना पर पुलिस वैल्यूअर संग अवनीश के घर पहुंची। इस दौरान हर छोटी-बड़ी चीज की सूची बनाई गई है। वहीं, सामान की सप्लाई करने वाले दुकानदारों की तलाश शुरू कर दी गई है।
विस्तार
कानपुर में किदवईनगर एच ब्लॉक स्थित अवनीश दीक्षित के मकान की कीमत करीब दस करोड़ रुपये आंकी गई है। किसी अनजान के घर में दाखिल होने की सूचना पर गुरुवार को संपत्ति आकलनकर्ता के साथ पहुंची पुलिस ने यह अनुमान लगाया है। पुलिस को घर में करीब नौ लाख रुपये से लगी लिफ्ट के अलावा इटालियन मार्बल, विदेशी मिरर, विदेशी फर्नीचर व बाथरूम में महंगी टोटियां लगी मिलीं।
घर के अंदर की हर छोटी बड़ी चीज की सूची बनाने के बाद जब पुलिस ने अवनीश दीक्षित से पूछताछ की तो उसने लिफ्ट तोहफे के तौर पर मिलने और अन्य चीजें उधार में लाने की बात कही। जब पुलिस ने उससे दुकानों व सप्लायरों का ब्योरा मांगा तो उसने कहा याद नहीं। साथ ही कहा कि साज सज्जा में कितना पैसा खर्च हुआ यह बता पाना संभव नहीं है।
इस पर पुलिस ने सामान बेचने या सप्लाई करने वालों की सूची बनाकर उनकी तलाश शुरू कर दी है। सूत्रों का कहना है कि पुलिस यह पक्का करना चाहती है कि करोड़ों रुपये के घर के लिए आखिर कितना पैसा अवनीश ने चुकाया। बगैर पैसा दिए जबरन सामान तो नहीं किसी से लिया गया। अगर ऐसी कोई जानकारी सामने आई तो अवनीश की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।
कई थानों की फोर्स के साथ एसीपी कोतवालीअवनीश के घर पहुंचे
दरअसल, गुरुवार को पुलिस को सूचना मिली कि कुछ लोग अवनीश के घर में घुस रहे हैं। इस सूचना के नाम पर कई थानों की फोर्स के साथ एसीपी कोतवाली आशुतोष अवनीश के घर पहुंच गए। करीब तीन घंटे तक घर में रही पुलिस के साथ पहुंचे आकलनकर्ता ने घर के अंदर की सजावट, हर कीमती चीज का आकलन का सूची तैयार की। कीमत का अनुमान भी लगाया। शुक्रवार को रिपोर्ट डीसीपी साउथ को सौंपी जाएगी।
अवनीश दीक्षित के घर में कुछ लोगों के घुसने की जानकारी मिली थी। इस पर एसीपी कोतवाली आशुतोष कई थानों की फोर्स के साथ वहां पहुंचे। ताला खोलने वालों से पूछताछ की गई और एहतियाती तौर पर घर में रखे सामान को सूचीबद्ध किया गया है, ताकि भविष्य में कोई सामान गायब न हो सके। -रवींद्र कुमार, डीसीपी साउथ