Leopard in Kanpur: 12 दिन बाद फिर दिखा तेंदुआ, नौरैयाखेड़ा में भी दहशत, महिला का दावा- एक युवक को खींच ले गया
आईआईटी में 12 दिन बाद फिर तेंदुआ दिखा है, जो गर्ल्स हॉस्टल के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में हुआ। इसके चलते एनएसआई में दो और आईआईटी में एक पिंजरा लगाया गया है। वहीं, नौरैयाखेड़ा में भी तेंदुए दिखने की बात सामने आई है। महिला का दावा है कि तेंदुआ एक युवक को खींच ले गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कानपुर में आईआईटी और एनएसआई में गुरुवार रात तेंदुआ देखे जाने के बाद शुक्रवार रात को पनकी के नौरैयाखेड़ा में देखे जाने की सूचना से दहशत फैल गई। वहीं की एक फैक्ट्री से काम करके लौट रही महिला ने दावा किया है कि क्रासिंग के बगल में स्थित पुलिया के पास झाड़ियों से निकला तेंदुआ एक साइकिल सवार को खींच ले गया।
यह देख उसका साथी और वह खुद वहां से भाग निकली। महिला ने बताया कि कुछ दूर भागने के बाद एक परिचित कार सवार वहां से गुजरा तो उसे पूरी घटना की जानकारी दी। कार सवार ने बताया कि महिला इतनी दहशत में थी कि वह बुरी तरह से कांप रही थी। घटना बताते-बताते वह रो पड़ी।
इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पनकी इंस्पेक्टर अजय कुमार पहुंचे। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम देर रात तक मौके पर रही। छानबीन में अभी तक यहां तेंदुआ देखे जाने या किसी को खींच ले जाने की पुष्टि नहीं हुई है। वहीं बिधनू रेंजर ने भी घटना की जानकारी होने से इनकार किया है।
महिला बोली, साथी बचाओ-बचाओ चिल्लाकर भागा
इस घटना की चश्मदीद महिला से अमर उजाला संवाददाता ने बात की। वह इतनी दहशत में थी कि बात करते-करते रोने लगी। उसने बताया कि जब साइकिल सवार का साथी चिल्लाते हुए भागा, तो वह भी दौड़ पड़ी। डर के कारण उसने दोबारा पलटकर नहीं देखा। एक कार और बाइक को देखने के बाद वह रुकी और उन लोगों को घटना की जानकारी दी।
अपने वजन से दोगुना उठा सकता है तेंदुआ
चिड़ियाघर के डॉक्टर डॉ. नासिर जैदी ने बताया कि तेंदुआ अपने वजन से दोगुना वजन उठाकर भाग सकता है। शहर में जो तेंदुआ देखा गया है वह वयस्क है। उसका वजन 60 से 70 किलो होगा।
बता दें कि शहर में करीब एक महीने से दहशत का पर्याय बना तेंदुआ एक बार फिर गुरुवार रात आईआईटी कानपुर परिसर में दिखाई दिया। परिसर में बने गर्ल्स हॉस्टल के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में तेंदुए को सड़क पार करते देखा गया है। तेंदुए के दिखने की सूचना के साथ ही एक बार फिर वन विभाग की टीम हरकत में आ गई है।
शुक्रवार को दिन में वन कर्मियों ने आईआईटी के जंगल में गश्त की। वन अधिकारी सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तेंदुए के रूट को चिह्नित करने में जुटे रहे। डीएफओ श्रद्धा यादव ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज बहुत स्पष्ट नहीं है, लेकिन फुटेज वाले स्थान के आसपास की जांच की जा रही है।