जवान को अंतिम विदाई के लिए 'हर आंख से छलका आंसू', नक्सलियों की कॉम्बिंग में निकले थे कवलजीत
साथी जवान सोमवार रात शव लेकर घर पहुंचे थे
छत्तीसगढ़ में रविवार दोपहर हुए सड़क हादसे में कानपुर शहर निवासी बीएसएफ जवान की मौत हो गई थी। वह पनकी गंगागंज भाग-2 निवासी थे। उसके पार्थिव शव को एयर एंबुलेंस से अमौसी एयरपोर्ट लाया गया। वहां से देर रात सोमवार को बीएसएफ की एंबुलेंस से शव को घर पर लाया गया। शव को देखते ही घर में कोहराम मच गया था।
कानपुर पनकी गंगागंज भाग-2 निवासी राम बालक यादव निजी स्कूल में हेड मास्टर हैं। परिवार में पत्नी विजय लक्ष्मी, दो बेटे कवलजीत (30), अश्वनी और बेटी सोनम है। कवलजीत सबसे बड़ा था। वह दुर्ग स्थित बीएसएफ के नेशनल हेड क्वार्टर में एएसआई (टेक्नीशियन) पद पर कार्यरत थे। कवलजीत की 2011 में नेहा से शादी हुई थी। उसके पांच साल का बेटा करन है। कवलजीत रविवार दोपहर विभागीय काम से बाइक से नेहरू नगर जा रहे थे। वह कौशल पंप के पास पहुंचे थे कि तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। वह बाइक से गिरने से ट्रक के पिछले पहिये की चपेट में आ गए। इससे उनकी मौके पर मौत हो गई। छत्तीसगढ़ पुलिस ने पीछा कर ट्रक चालक को पकड़ लिया। सोमवार रात साथी जवान शव को लेकर घर पहुंचे। कवलजीत छत्तीसगढ़ में नक्सलियों की कॉम्बिंग करने जा रहे थे तभी ये हादसा हो गया।