गरजे केशव मौर्य: बोले- 2012 से 17 तक हुए भ्रष्टाचार की होगी जांच, दोषी को जाना पड़ेगा जेल, जानें क्या कहा
Etawah News: डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने शहर के एक गेस्ट हाउस में जनसभा करके सपा पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि विकास के नाम पर 100 रुपये लिए, लेकिन सिर्फ 15 ही खर्च किए। बाकी सब दबा गए, इसका हिसाब जनता को देना पड़ेगा।
विस्तार
इटावा जिले में नगर निकाय के प्रत्याशियों के समर्थन में सभा करने आए डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य सपा पर जमकर बरसे। उन्होंने 2012 से 2017 के कार्यकाल में कराए गए कामों की जांच कराने की बात कही। साथ ही, बोले कि दोषी पाए जाने पर आरोपी जेल तक जाएंगे।
शहर के एक गेस्टहाउस में निकाय प्रत्याशियों के समर्थन में सभा करने पहुंचे उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य ने कहा कि पहले इटावा अपराध का गढ़ रहता था। बिना एक परिवार की इच्छा के लोकतंत्र में रहने के बावजूद अपने मताधिकार का प्रयोग तक लोग नहीं कर पाते थे।
आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए कमल खिलाने के बाद सभी अपनी इच्छा से मतदान कर सकते हैं। आगे बोले-जनता जनार्दन ने पूर्ण बहुमत से डबल इंजन की सरकार बनाई है। अब ट्रिपल इंजन की सरकार बनानी होगी।
समाचार पढ़कर आई थी हंसी
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के मुखिया बसपा प्रमुख पर आरोप लगा रहे कि बसपा नहीं चाहती कि सपा की सरकार बने। सुबह यह समाचार पढ़कर मुझे हंसी आ गई। 2019 में आप दोनों एक थे। तब तो कमल खिल गया। आप दोनों एक दूसरे के विरोध का नाटक करते रहे।
विपक्षियों के बहकावे में नहीं आएगी जनता
अब जनता आपके बहकावे में नहीं आने वाली है। 2023 का नगर निकाय चुनाव 2024 के चुनाव का आगाज है। कहा कि जो हमारे विरोध में लड़ने वाले हैं यदि उन्हें बूथ कब्जा करने का मौका न मिले तो चुनाव पार्षद तक का चुनाव नहीं जीत सकते।
2012 से 2017 तक जमकर हुआ है भ्रष्टाचार
आगे कहा कि सुना है 2012 से 2017 तक इटावा नगर पालिका में जमकर भ्रष्टाचार हुआ है। तब समाजवादी की सरकार थी तो लूट मची थी। उसका हिसाब होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि न खाऊंगा न खाने दूंगा। जिन्होंने खाया है उनकी जांच कराकर वसूल करके, जिसका जो हक है उस तक योजना बनाकर पहंचा दिया जाएगा।