Kanpur: दादानगर में रेलवे ट्रैक पर मिला वाई-फाई तकनीशियन का शव, परिजनों ने जताई अनहोनी की आशंका
Kanpur News: गोविंदनगर थाना क्षेत्र के दादानगर रेलवे ट्रैक पर रविवार सुबह एक 33 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विस्तार
कानपुर के गोविंदनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत दादानगर स्थित दिल्ली रेलवे लाइन पर रविवार सुबह एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। मृतक की पहचान दबौली निवासी 33 वर्षीय राहुल कुमार मिश्रा के रूप में हुई है, जो वाई-फाई लगाने का कार्य करते थे। शनिवार रात से लापता युवक का शव मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के पास से नकदी गायब मिलने पर परिजनों ने किसी अनहोनी और हत्या की आशंका जताई है।
परिजनों को कैश गायब मिलने का शक
मृतक के छोटे भाई प्रशांत ने बताया कि राहुल शनिवार रात घर से निकले थे, जिसके बाद से उनका मोबाइल फोन लगातार बंद आ रहा था। काफी खोजबीन के बाद रविवार सुबह जब परिजन थाने पहुंचे, तो उन्हें दादानगर रेलवे ट्रैक पर शव मिलने की सूचना मिली।
मोर्चरी पहुंचकर परिजनों ने शव की शिनाख्त की। परिजनों का आरोप है कि राहुल के पास मौजूद कैश गायब है, जिसके चलते उन्हें किसी वारदात की आशंका है। राहुल अपने पीछे पत्नी कंचन, बेटे दिव्यांश, मां शशि और पिता ब्रजेंद्र को छोड़ गए हैं।
पुलिस जांच में प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला
मामले में गोविंदनगर थाना प्रभारी अशोक कुमार दुबे का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या (सुसाइड) का प्रतीत हो रहा है। हालांकि परिजनों द्वारा जताई गई अनहोनी और नकदी गायब होने की आशंका के पहलुओं पर भी गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा, जिसके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।