Kanpur: वीआईपी रोड की गली के जलभराव में डूबने से युवक की मौत, नशे की हालत में गिरा था…जांच में जुटी पुलिस
Kanpur News: ग्वालटोली थानाक्षेत्र की वीआईपी रोड पर एक गली में नशे में धुत युवक बारिश के जलभराव में गिरकर बेसुध हो गया, जिससे उसकी मौत हो गई। ग्वालटोली थाना प्रभारी अमान सिंह ने बताया कि युवक को मिर्गी का दौरा आता था।
विस्तार
कानपुर के ग्वालटोली थानाक्षेत्र में वीआईपी रोड पर स्थित महात्मा गांधी विद्यालय वाली गली में शराब पीने के दौरान युवक नशे में बारिश के जलभराव में गिर गया। देर रात युवक बेसुध हालत में पानी में पड़ा रहा। आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंची बहन उसे हैलट लेकर पहुंची, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
कोहना थाना क्षेत्र के रानी का बगीचा निवासी रजत कुमार (30) मजदूरी करता था। मामा किशनलाल ने बताया कि रजत शराब पीने का लती था। रात करीब आठ बजे वीआईपी रोड पर ग्वालटोली चौराहे के पास स्थित महात्मा गांधी विद्यालय के पास गली में रजत शराब पी रहा था। तभी भीषण बारिश के दौरान जलभराव हो गया।
नशे में बेसुध होकर गिर पड़ा
इस दौरान रजत नशे में वहीं पर बेसुध होकर गिर पड़ा। जलभराव कम होने पर रात करीब 11 बजे के आसपास के लोगों ने उसे पड़ा देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे हैलट अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने परिजनों को हादसे की सूचना दी, तो उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।