Kanpur Weather Update: रातभर रुक-रुक कर पानी बरसा, तीन दिनों तक जारी रहेगा सिलसिला, पढ़ें कैसा रहेगा मौसम
Weather News: उत्तर प्रदेश में मानसून दस्तक दे चुका है, जिसके चलते कानपुर सहित 50 जिलों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। शहर में रुक-रुक कर हो रही बारिश के चलते जहां मौसम सुहाना हो गया है और तापमान में गिरावट आई है। वहीं, उमस ने भी आम लोगों को परेशान कर रखा है।
विस्तार
कानपुर में सावन के दूसरे दिन शाम को महानगर के अधिकांश क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई। सुबह से बादलों के बीच धूप रही इससे दिन का पारा तीन डिग्री बढ़कर 33 डिग्री पर आ गया। लेकिन बारिश के बाद मौसम काफी अच्छा हो गया। इसी तरह न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री रहा।
सीएसए के मौसम विभाग प्रमुख डॉ. एसएन पांडेय के अनुसार अगले तीन दिनों तक हल्की बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। उन्होंने बताया कि ट्रफ का पूर्वी छोर अपनी सामान्य स्थिति से दक्षिण की ओर है। पश्चिमी यूपी पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना है।
इसकी वजह से बारिश का दौर अभी 11 जुलाई तक जारी रह सकता है। कई जिलों में भारी बारिश भी हो सकती है। वहीं, कानपुर में गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए बाढ़ को लेकर अलर्ट जारी कर दिया गया है। बाढ़ चौकियां बनाने के साथ गोताखोरों को तैनात किया गया है।
- 3 जुलाई-36
- 4 जुलाई-37
- 5 जुलाई-34
- 6 जुलाई-36
- 7 जुलाई-35
- 8 जुलाई-35
बना हुआ है कम दबाव वाला क्षेत्र
सीएसए मौसम विभाग के अनुसार कानपुर, लखनऊ और रायबरेली के ऊपर हवा के कम दबाव वाला क्षेत्र बना हुआ है। इस बीच दिन में बादलों के बीच धूप की वजह से उमस बढ़ गई, जिससे लोग परेशान रहे। हवा में नमी 100 प्रतिशत पहुंच गई।