Kanpur Weather Update: भीषण गर्मी! 23 साल में पहली बार तापमान 35 डिग्री से ऊपर, मानसून में भी देरी की संभावना
Weather News: दिन में लू के थपेड़े लोगों को झुलसा रहे हैं तो रात में बेचैन करने वाली गर्मी से नींद में खलल पड़ रहा है। इस साल मंगलवार की रात सबसे गर्म रही। वहीं, दोपहर बाद हुई हल्की बारिश ने उमस बढ़ा दी।
विस्तार
कानपुर में भीषण गर्मी में दिन ही नहीं रात का भी सुकून छिन गया है। स्थानीय मौसम विभाग के पास जो आंकड़ा मौजूद है, उसके अनुसार 23 साल में ऐसा पहली बार हुआ है, जब रात का तापमान 35 डिग्री से भी ऊपर पहुंच गया हो। मंगलवार-बुधवार रात को यह 35.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
वहीं दिन का तापमान 43.8 डिग्री दर्ज किया गया, यह पिछले 11 साल में 14 जून को सबसे ज्यादा है। इस बीच दोपहर बाद शहर के कुछ हिस्सों में हुई हल्की बारिश ने गर्मी और बढ़ा दी। गर्मी के चलते पूरी रात लोग करवट बदलते रहे। पंखे की हवा बेअसर रही। बिजली गुल होने पर लोग छतों पर पहुंच गए।
अभी तीन दिन ऐसा ही मौसम रहने के आसार
सीएसए के मौसम विभाग प्रमुख डॉ. एसएन पांडेय के अनुसार दिन और रात में भीषण गर्मी व उमस आगे भी बनी रहने की संभावना है। फिलहाल तेज बारिश के संकेत अभी नहीं हैं। मौसम विभाग के अनुसार पिछले करीब एक सप्ताह से रात का तापमान तेजी से बढ़ रहा है।
पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता का पड़ा असर
इसकी सबसे बड़ी वजह दिन में आसमान का खुला रहना और रात में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते बादलों का आना है। इससे जमीन की गर्मी ऊपर जाने के बजाए कुछ ऊपर जाकर रुक जाती है। बताया कि अभी अगले तीन दिनों तक इस तरह की दिक्कत रह सकती है।
अधिकतम और न्यूनतम तापमान में केवल 8.5 डिग्री का अंतर
अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बुधवार को महज 8.5 डिग्री सेल्सियस का अंतर रह गया, जबकि दोनों के तापमान में 15 से 20 डिग्री का अंतर होना चाहिए। दिन में करीब 10 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चलीं।
वर्ष 2001 से अब तक जून का न्यूनतम तापमान
- 2001 : 29
- 2002 : 31
- 2003 : 30
- 2004 : 27
- 2005 : 29.3
- 2006 : 27.5
- 2007 : 26
- 2008 : 26
- 2009 : 28.3
- 2010 : 27
- 2011 : 27.8
- 2012 : 28
- 2013 : 26.2
- 2014 : 20.4
- 2015 : 29.2
- 2016 : 29.2
- 2017 : 28
- 2018 : 28
- 2019 : 28.6
- 2020 : 29.9
- 2021 : 25.8
- 2022 : 32
बिपरजॉय चक्रवात से मानसून में देरी की संभावना
मौसम विभाग प्रमुख डॉ. एसएन पांडेय के अनुसार मुंबई और गुजरात के समुद्र में संभावित बिपरजॉय चक्रवात की वजह से मानसून के भी कमजोर होने के संकेत मिल रहे हैं। इससे पहले महानगर और इसके आसपास के क्षेत्रों में मानसून दो से पांच जुलाई के बीच आने के आसार थे, अब इसमें और देरी हो सकती है।
दिन के साथ चढ़ रहा रात का पारा
शुक्रवार रात से बढ़ी उमस हर दिन और बढ़ती जा रही है। कड़क धूप से लोग खासे परेशान नजर आए। दोपहर में धूप और तल्ख हुई। धूप से बचने के लिए लोग सिर व चेहरा ढक कर निकले। जबकि बाजार में दोपहर के समय सन्नाटा रहा। दिन में बिजली की आंख मिचौली गर्मी में लोगों पर सितम ढा रही है।