कानपुर मौसम अपडेट: सुबह से छाए घने बादल, तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी, पारा गिरने की भी संभावना, पढ़ें अलर्ट
Kanpur Weather News: शुक्रवार को सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए हुए हैं और चक्रवाती सिस्टम अर्नब तथा पश्चिमी विक्षोभ के असर से शहर व आसपास के इलाकों में तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी और हल्की से मध्यम बारिश की हुई है।
विस्तार
कानपुर में शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली है। सुबह की शुरुआत के साथ ही आसमान में काले घने बादल छाए रहे। चक्रवात अर्नब और पश्चिमी विक्षोभ के मिलेजुले असर से कानपुर परिक्षेत्र समेत आसपास के 17 जिलों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और कई स्थानों पर तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।
सीएसए कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के नोडल एवं तकनीकी अधिकारी अजय मिश्रा ने बताया कि इस समय बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती सिस्टम और पश्चिमी विक्षोभ का सीधा असर कानपुर परिक्षेत्र पर पड़ रहा है। इसके प्रभाव से अधिकांश स्थानों पर तेज बौछारें और बारिश के साथ-साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झक्कड़ हवाएं चल सकती हैं।
ठंडक का होने लगेगा अहसास
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक बादलों की आवाजाही और बूंदाबांदी के कारण दिन के तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिलेगी और ठंडक का अहसास होगा। सीएसए यूनिवर्सिटी द्वारा जारी किए गए 17 जिलों के मौसमी अपडेट के अनुसार, चक्रवातीय प्रभाव के चलते उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान लुढ़केगा।
गिर सकता है दिन का पारा
मौसम वैज्ञानिकों ने किसानों और आम नागरिकों को सलाह दी है कि इस दौरान खुले में सतर्क रहें और आंधी-पानी के समय सुरक्षित स्थानों पर शरण लें। बताया कि मौसमी सिस्टम की स्थिति में थोड़ा भी बदलाव होने पर बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। बारिश के चलते दिन का पारा गिर सकता है।