Kanpur Weather: 42 डिग्री पहुंचा पारा, 30 किमी की रफ्तार से चली हवाएं, मौसम विभाग ने जारी की ये चेतावनी
सीएसए मौसम विभाग की ओर से चेतावनी जारी की गई है कि दिन के समय धूप में निकलने से पहले सावधानी जरूर बरतें। सिर और पूरा शरीर ढककर ही बाहर निकलें। किसानों से कहा गया है कि ज्यादा देर तक धूप में खेतों में काम न करें।
विस्तार
कानपुर में इस महीने पहली बार दिन का तापमान 42 डिग्री पहुंचा है। सुबह 10 से लेकर तीन बजे के बीच झुलसाने वाली धूप रही। दिन ढलने के बावजूद हवा में जलन बनी रही। इस बीच शाम करीब चार बजे अचानक 30 किमी की रफ्तार से चली हवा की वजह से कई जगहों पर पेड़ों की डालियां टूटकर गिरी और बिजली के तार टूटने से भी दिक्कत आई।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार पाकिस्तान के मरुस्थलीय क्षेत्रों से होते हुए राजस्थान होकर आने वाली शुष्क हवाओं की वजह से धूप का असर तेज हो रहा है। हवा में जलन की वजह से रात का पारा भी सामान्य से तीन डिग्री अधिक 26.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। इस संबंध में सीएसए के मौसम विभाग के प्रमुख डॉ. एसएन पांडेय के अनुसार सुबह शाम तेज हवा के साथ बूंदाबांदी और गरजने वाले बादल अगले 9 जून तक रह सकते हैं। इस बीच दिन में कड़ी धूप के साथ उमस भरी गर्मी भी पड़ने की संभावना है।
इस बीच चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) मौसम विभाग की ओर से चेतावनी जारी की गई है कि दिन के समय धूप में निकलने से पहले सावधानी जरूर बरतें। सिर और पूरा शरीर ढककर ही बाहर निकलें। किसानों से कहा गया है कि ज्यादा देर तक धूप में खेतों में काम न करें। काम के समय में बदलाव करने की सलाह दी गई है।
धूप बढ़ने से हवा की नमी
मौसम विभाग के अनुसार धूप बढ़ने की वजह से हवा की नमी में भी तीन प्रतिशत की कमी आई है। दिन में हवा में नमी कमी मात्रा 44 और रात में 39 प्रतिशत रिकार्ड की गई। औसत नमी के हिसाब से दिन की अपेक्षा रात के समय उमस अधिक महसूस हो रही है।