Kanpur Weather: झुलसाती गर्मी से राहत, बादलों के आने से लुढ़का पारा, पांच जून तक बारिश के आसार, ये है अलर्ट
Weather News: कानपुर में बादलों की आवाजाही के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। पांच जून तक गरज-चमक के साथ हल्की से बारिश की संभावना है। सीएसए मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल राहत जारी रहेगी, लेकिन सिस्टम निकलने के बाद गर्मी फिर रफ्तार पकड़ सकती है।
विस्तार
कानपुर में बादलों के आने से तपिश फिर कम हो गई। हवाओं के बदले रुख की वजह से यह स्थिति अभी बनी रहेगी। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि के मौसम विभाग ने पांच जून तक तेज हवाओं के चलने, गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जारी किया।
यह मौसमी सिस्टम निकलने के बाद गर्मी के फिर रफ्तार पकड़ने की संभावना है। मौसम विभाग के नोडल एवं तकनीकी अधिकारी अजय मिश्रा ने बताया कि बुधवार को अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री रहा है।
दोपहर की नमी नौ प्रतिशत बढ़ी
अधिकतम तापमान सामान्य औसत से 2.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री कम रहा है। 24 घंटे में अधिकतम तापमान 0.6 डिग्री घटा है। वहीं बादलों की वजह से रात का न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री बढ़ा है। माहौल में सुबह की नमी एक प्रतिशत और दोपहर की नमी नौ प्रतिशत बढ़ गई।