Kanpur Weather: गर्मी और उमस से मिलेगी राहत, बंगाल की खाड़ी में बन रहा नया मौसमी सिस्टम, जानें कब होगी बारिश
Weather News: कानपुर परिक्षेत्र में 13 और 14 अगस्त को बारिश की संभावना जताई गई है। सीएसए के मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बन रहे नए मौसमी सिस्टम के प्रभाव से मानसून की गतिविधियां फिर से बढ़ने की उम्मीद है।
विस्तार
कानपुर में गर्मी और उमस से कानपुर परिक्षेत्र में निम्न दबाव बनने के आसार बन गए हैं। इसके साथ ही बंगाल की खाड़ी में नया मौसमी सिस्टम तैयार हो रहा है। सीएसए के मौसम विभाग के नोडल एवं तकनीकी अधिकारी अजय मिश्रा ने बताया कि 13 और 14 अगस्त को बारिश की संभावना है।
मौसम वेधशाला में सोमवार को सुबह आठ बजे तक 0.9 मिमी बारिश दर्ज की गई। बताया कि मानसूनी द्रोणी इस समय बीकानेर, ग्वालियर से लेकर बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। यह मानसूनी नमी और वर्षा गतिविधि को नियंत्रित कर रही है।
प्रदेश में कई स्थानों पर बारिश की संभावना
इसके प्रभाव से 13 अगस्त के आसपास उसी क्षेत्र में नया निम्न-दाब क्षेत्र बन सकता है। यही सिस्टम अगले कुछ दिनों में मानसूनी गतिविधि को दोबारा बढ़ा सकता है। इसी के चलते 13 और 14 अगस्त को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर बारिश की संभावना है।
बंगाल की खाड़ी की नमी खींच सकता डॉल्फिन टाइफून
चीन के पूर्वी तट पर आए शक्तिशाली चक्रवात टाइफून डॉल्फिन का देश के मानसून पर सीधा असर नहीं होगा लेकिन अप्रत्यक्ष रूप से यह मानसून को कमजोर कर सकता है। वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि इसके खिंचाव के कारण बंगाल की खाड़ी के ऊपर मौजूद नमी कम हो रही है।
मानसून की गति रह सकती है धीमी
उन्होंने आगे कहा कि नमी कम होने से निम्न दबाव के क्षेत्र बनने में दिक्कत होती है। इसके कारण मध्य, पूर्वी और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में कुछ दिनों के लिए मानसून की रफ्तार धीमी पड़ सकती है। शुष्क या कम बारिश वाला मौसम देखने को मिल सकता है।