Kanpur Weather: चक्रवाती हवाओं ने बदला मौसम, 6.4 मिमी हुई बारिश, ओले पड़े, बिजली गिरने से किसान की मौत
सीएसए के मौसम विभाग प्रमुख डॉ. एसएन पांडेय के अनुसार अरब सागर और भूमध्य सागर से उठने वाली हवाओं के साथ ही हवा के कम दबाव की वजह से मौसम में परिवर्तन आया है। इसकी वजह से कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हुई। बारिश की वजह से दिन और रात का तापमान सामान्य से 2.3 डिग्री सेल्सियस नीचे आया गया है।
विस्तार
कानपुर में चक्रवाती हवाओं की वजह से शुक्रवार सुबह तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। ग्रामीण क्षेत्रों में कहीं-कहीं ओले भी गिरे। वहीं, शिवराजपुर के दुबियाना गांव में गुरुवार की शाम बिजली गिरने से किसान की मौत हो गई। मौसम विभाग के अनुसार 6.4 मिमी बारिश हुई है। अभी दो दिन और बारिश होने के आसार हैं।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) के मौसम विभाग प्रमुख डॉ. एसएन पांडेय के अनुसार अरब सागर और भूमध्य सागर से उठने वाली हवाओं के साथ ही हवा के कम दबाव की वजह से मौसम में परिवर्तन आया है। इसकी वजह से कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हुई। बारिश की वजह से दिन और रात का तापमान सामान्य से 2.3 डिग्री सेल्सियस नीचे आया गया है। अधिकतम तापमान 28 और न्यूनतम 15.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
इसी तरह हवा में नमी की मात्रा अधिकतम 96 और न्यूनतम 70 प्रतिशत रही। बारिश की वजह से अधिकतम नमी में 9 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। डॉ. पांडेय ने बताया कि दो दिनों तक कहीं कहीं पर गरज-चमक के साथ बारिश तो कहीं बूंदाबांदी हो सकती है। मौसम विभाग की ओर से किसानों को खेतों में कटी पड़ी गेहूं की फसलों को सुरक्षित स्थानों पर रखने को कहा है। साथ ही बिजली चमकने के दौरान लोगों से खुले में नहीं जाने की मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है।
बताया गया कि शिवराजपुर दुबियाना गांव निवासी मुकेश (40) गुरुवार शाम को खेत घर लौट रहा था, तभी आंधी व बारिश के साथ बिजली गिरी। जिसकी चपेट में मुकेश आकर तड़पने लगा। परिजन शिवराजपुर सीएचसी ले गए। वहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।