कानपुर वार्डन कांड: हॉस्टल से पुलिस ने जुटाए साक्ष्य, दीवार तक फैले मिले खून के निशान, ये है कुबूलनामा
Kanpur News: जेसीपी आनंद प्रकाश तिवारी का कहना है कि हत्या की असल वजह पता लगाने के लिए आरोपी को रिमांड पर लिया जाएगा। जरूरत पड़ी, तो ब्रैन मैपिंग टेस्ट, साइकोलाजिकल टेस्ट भी कराया जाएगा।
विस्तार
कानपुर में गर्ल्स हॉस्टल की वार्डन से दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में जेल भेजे गए मुख्य आरोपी अर्जुन ने भले ही हत्या की बात अभी तक न स्वीकारी हो, लेकिन महिला के शरीर पर चोट और कमरे की दीवार में लगीं खून की छींटें उसकी हैवानियत की कहानी बयां कर रही हैं।
गुरुवार सुबह एसीपी कर्नलगंज अकमल खां और एसीपी स्वरूपनगर शिखर काकादेव स्थित हॉस्टल पहुंचे। उन्होंने फॉरेंसिक टीम के साथ साक्ष्य एकत्रित किए। टीम ने दीवार पर खून के छींटों के सैंपल लिए। करीब 10 मिनट तक किचन और कमरे की जांच करने के बाद पुलिस की टीम लौट आई।
अर्जुन का जेल जाने से पहले का कुबूलनामा
मंजू से मेरे 2018 से प्रेम संबंध थे। मैं सुबह आठ बजे आ जाता था और रात में जाता था। पूरे दिन सब्जी लाना, टिफिन ले जाना, खाली टिफिन लाना और अन्य काम करता था। घटना वाले दिन मंजू की पार्टी में मैं और मेरे भाई समेत पांच लोग आए थे।
शराब पीने के बाद होने लगी थी उलझन
दो लोग मंजू की बेटी शालिनी को घुमाने चले गए। दो लोग किचन में शराब पी रहे थे। मंजू और मैं देशी शराब पीते थे। शराब पीने के बाद उसे उलझन होने लगी और सारे कपड़े उतार दिए। कुछ ही देर में उसके ब्लीडिंग होने लगी और वह अचेत हो गई। इसके बाद वह डर गया था।
पुलिस का दावा- दीवार पर आरोपी ने छिड़का था खून
पुलिस का मानना है कि अर्जुन ने महिला के नाजुक अंग में हाथ डाल दिया था। उसने खून हटाने के लिए हाथ दीवार की तरफ झटका, जिससे दीवार पर खून के छींटे पड़ गए। वहीं स्कल बोन के संबंध में पुलिस का मानना है कि अर्जुन जबरदस्ती रिलेशन बनाने के लिए कह रहा होगा और मंजू के विरोध करने पर धक्कामुक्की हुई होगी। इसकी वजह से मंजू का सिर पीछे टकरा गया और स्कल बोन टूट गई होगी।
सामूहिक दुष्कर्म के बिंदु पर भी जांच
एडीसीपी सेंट्रल आरती सिंह ने बताया कि घटना जब हुई तो पहले चिंटू और अर्जुन महिला के कमरे में थे। जब परिवार वालों ने मौके पर पहुंचकर शोर मचाकर दरवाजा खुलवाया, तो केवल अर्जुन ही मिला। ऐसे में सामूहिक दुष्कर्म के बिंदु पर भी जांच की जा रही है
शादी की जिद भी हो सकती है वजह
पुलिस का मानना है कि यह भी हो सकता है कि आरोपी कुलदीप उर्फ अर्जुन महिला से शादी का दबाव बना रही हो। या आरोपी किसी और से शादी करना चाहता हो और महिला विरोध करती हो। जेसीपी आनंद प्रकाश तिवारी का कहना है कि हत्या की असल वजह पता लगाने के लिए आरोपी को रिमांड पर लिया जाएगा। जरूरत पड़ी, तो ब्रैन मैपिंग टेस्ट, साइकोलाजिकल टेस्ट भी कराया जाएगा।
पुलिस तलाश रही इन सवालों को जवाब
- हत्या के वक्त घर में कौन-कौन मौजूद था?
- हत्या क्यों की गई, दीवार पर खून के छींट कैसे आए?
- पार्टी में आए लोगों में किसका क्या रोल था?
- चोटें कैसे लगीं, जबकि आरोपी का कहना है कि मारपीट नहीं हुई?
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इन चोटों का दिया गया हवाला
- दोनों आंख के नीचे चोट के निशान।
- सिर के पीछे की तरफ भारी वस्तु से चोट के निशान।
- छाती और पेट में कई चोटें, पीठ पर भी चोट के निशान।
- प्राइवेट पार्ट में बाईं तरफ गहरा निशान।
- प्राइवेट पार्ट की इनसाइड वॉल्स की लेयर फटी हुई।
- पेट और कमर के बीच गहरी चोट के निशान।
- गले पर अंगुलियों के गहरे निशान।
- हाथ की अंगुलियों और कलाई पर चोट के निशान।
मुख्य आरोपी को जेल भेजा गया है। उसके तीन और साथी हिरासत में हैं और उनसे पूछताछ की जा रही है। अगर किसी और की भी भूमिका निकलती है तो गैंगरेप की धारा बढ़ाकर आगे की कार्रवाई की जाएगी। -आरती सिंह, एडीसीपी सेंट्रल