Kanpur Violence: हयात समेत चार आरोपियों को फिर रिमांड पर लेने कोर्ट पहुंची पुलिस
नई सड़क पर हुए बवाल मामले में मास्टर माइंड समेत चारों का पुलिस कस्टडी रिमांड फिर से लिया जाएगा।मंगलवार को पुलिस प्रार्थना पत्र लेकर कोर्ट पहुंची और कस्टडी रिमांड फिर मांगा।
विस्तार
कानपुर में नई सड़क बवाल मामले में आरोपी मौलाना मोहम्मद अली जौहर फैन्स एसोसिएशन के अध्यक्ष हयात जफर हाशमी समेत चार आरोपियों को पुलिस दोबारा रिमांड पर लेकर पूछताछ करना चाहती है। इसके लिए महानगर मजिस्ट्रेट पंचम की अदालत में मंगलवार को अर्जी दी गई है। मामले में बुधवार को सुनवाई होगी।
संयुक्त निदेशक अभियोजन संजय त्रिपाठी ने बताया कि हयात के बैंक खातों में करोड़ों रुपये के लेनदेन के सबूत मिले हैं। प्रतिबंधित संगठनों की तरफ से फंडिंग की बात भी सामने आई है। इसकी पुख्ता जानकारी के लिए पुलिस हयात को दोबारा रिमांड पर लेना चाहती है। चारों आरोपियों को तीन दिन की रिमांड मिली थी। रिमांड अवधि शनिवार से शुरू हुई थी लेकिन सोमवार शाम तक आरोपियों को वापस जेल भेजना था। माह के दूसरे शनिवार और रविवार के कारण बैंक बंद थे।
जिस कारण पुलिस बैंक खातों की पड़ताल नहीं कर सकी। पुलिस का मानना है कि चारों आरोपियों के बैंक खातों को खंगालने और उनसे पूछताछ करने पर कई बड़े खुलासे हो सकते हैं। इससे फंडिंग करने वालों की पहचान भी उजागर हो सकती है। पहली रिमांड अवधि के दौरान पूछताछ में हयात ने पुलिस के सामने कुछ नए खुलासे किए हैं। इस संबंध में भी पुलिस फिर से विस्तृत पूछताछ करना चाहती है। इन्हीं तर्कों के साथ पुलिस रिमांड के लिए दोबारा कोर्ट में अर्जी दाखिल की गई है।
हयात समेत परिजनों के चार खातों का ब्योरा बैंकों ने सौंपा
बवाल के साजिशकर्ता हयात जफर हाशमी व उसके परिवार वालों के बैंक खातों का ब्योरा एसआईटी को मिल गया है। बैंकों ने पूरा विवरण सौंपा है। अब तक इनके चार बैंक खातों के बारे में जानकारी मिली है। एसआईटी अब इस विवरण का खंगालेगी, जिससे कई राज खुलेंगे। पता चलेगा कि रकम कहां से आई और कहां को भेजी गई।
ठेकेदार भी रडार पर
जांच के दौरान एक ठेकेदार भी रडार पर आया है। तीन साल पहले ब्रह्मनगर इलाके में एक बिल्डिंग का निर्माण हयात ने कराया था। जिसमें ठेकेदार भी हिस्सेदार रहा है। फ्लैट बनाकर बेचे गए थे। इसलिए ठेकेदार भी जांच की जद में आ गया है। पुलिस उसकी कुंडली खंगाल रही है।