Kanpur Violence: आरोपियों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी, मुख्य आरोपी हयात जफर के रिश्तेदारों की दो बिल्डिंग सील
कार्रवाई के दौरान केडीए(कानपुर विकास प्राधिकरण) के साथ कई थानों का पुलिस फोर्स और आरएएफ भी मौजूद था। जिससे इलाके में कोई तनाव की स्थिति न बने।
विस्तार
कानपुर हिंसा के आरोपियों के खिलाफ जिला प्रशासन, पुलिस और केडीए की ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है। केडीए ने सोमवार को भारी फोर्स के साथ अनवरगंज फूलवाली गली में दो बिल्डिंगों को सील कर दिया। दोनों बिल्डिंग हिंसा के मुख्य आरोपी जफर हयात हाशमी को फंडिंग करने वाले बिल्डर की हैं। इसके साथ ही दोनों बिल्डर हयात जफर के रिश्तेदार भी बताए जा रहे हैं। हयात जफर कनेक्शन सामने आने के बाद केडीए और पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है।
केडीए के ओएसडी अवनीश सिंह ने बताया कि अनवरगंज बिल्डर सूफियान बेग मकान नंबर- 90/208 पर अवैध रूप से पांच मंजिला निर्माण कर रहा था। बिना इजाजत पांच मंजिल इमारत खड़ी करने के साथ नक्शे से अलग निर्माण पाया गया। लगातार नोटिस देने के बाद भी बिल्डर काम नहीं रोक रहा था। इसके चलते केडीए ने मकान सील कर दिया। इसके साथ ही बिल्डर राशिद सिद्दीकी ने भी अनवरगंज में ही मकान नंबर- 93/195 पर अवैध रूप से बिल्डिंग खड़ी कर दी है।
जांच के दौरान मानक के विपरीत निर्माण, नक्शा भी नहीं मिला और बिना इजाजत बेसमेंट भी खोद डाला। इसके चलते राशिद की बिल्डिंग भी सील कर दी गई। इलाके के लोग अवैध निर्माण की शिकायत दहशत के चलते नहीं कर सके, क्योंकि हयात ने इस बिल्डिंग को खुद खड़े होकर बनाया था।