कानपुर: वैन बुक करवाकर गाड़ी मालिक का अपहरण, रसूलाबाद में हाईवे पर बरामद हुई लावारिस वैन
गाड़ी मालिक के साथ अनहोनी की आशंका है। बगदौधी बांगर मंधना निवासी अमित यादव के पास दो वैन हैं। एक वैन खुद तो दूसरी वैन ड्राइवर छोटू चलाता है। सीओ कल्याणपुर दिनेश कुमार शुक्ला ने बताया कि छोटू ने शुक्रवार शाम को एक बुकिंग कानपुर देहात रसूलाबाद के लिए की। ये बुकिंग अमित ले गया।
औरैया हाईवे से बरामद हुई कार व मोबाइल
सीओ ने बताया कि कानपुर देहात रसूलाबाद में औरैया हाईवे पर वैन लावारिस बरामद की। उसी में अमित का मोबाइल भी मिला। पुलिस मोबाइल नंबर की सीडीआर से सुराग लगाने का प्रयास पुलिस कर रही है।
हरियाणा का है नंबर, औरैया का है शख्स
पुलिस ने जब वैन बुक कराने वाले के मोबाइल नंबर की सीडीआर निकाली तो पता चला कि वो नंबर हरियाणा के पते पर रजिस्टर है। मगर उसका इस्तेमाल अधिकतर औरैया की लोकेशन में हुआ है। इससे साफ हो गया है कि अपहरण करने वाला शख्स औरैया का है। पुलिस ने तीन, चार लोगों को उठाया है।
कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है। मोबाइल नंबरों की सीडीआर के आधार पर पड़ताल जारी है।
डॉ. अनिल कुमार, एसपी पश्चिम