कानपुर: नगर निगम कार्यकारिणी बैठक में हंगामा, अधिवक्ताओं के बैठने पर बिफरे नगर आयुक्त, बैठक छोड़कर निकले
Kanpur News: कानपुर नगर निगम कार्यकारिणी की बुधवार दोपहर दो बजे से शुरू हुई पूर्व में स्थगित बैठक में भारी हंगामा देखने को मिला। बैठक के दौरान अधिवक्ताओं के बैठने पर नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय बिफर पड़े और अधिकारियों के साथ बैठक छोड़कर बाहर निकल गए।
विस्तार
कानपुर नगर निगम मुख्यालय में बुधवार दोपहर दो बजे से शुरू हुई कार्यकारिणी की पूर्व में स्थगित बैठक हंगामे की भेंट चढ़ गई। बैठक की शुरुआत में ही उस वक्त असहज स्थिति पैदा हो गई जब सभागार में अधिवक्ताओं के बैठने को लेकर विवाद खड़ा हो गया।
इस बात पर नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय बुरी तरह बिफर पड़े और विरोध जताते हुए अपने अधिकारियों के साथ बैठक छोड़कर बाहर निकल गए। इस नाटकीय घटनाक्रम के बाद से निगम गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म है और कार्यकारिणी सदस्यों द्वारा नगर आयुक्त के खिलाफ निंदा प्रस्ताव लाने की तैयारी की जा रही है।
इन अहम मुद्दों पर होनी थी समीक्षा
विवाद से पहले बैठक में कई महत्वपूर्ण और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा और समीक्षा की रूपरेखा तय की गई थी। इसमें मुख्य रूप से पिछले तीन वर्षों के घर-घर कूड़ा उठान कार्यों, नगर निगम निधि से स्वीकृत विकास कार्यों, निविदाओं, बजट आवंटन और व्यय के ब्योरे को आधिकारिक वेबसाइट पर सार्वजनिक करने जैसे बिंदु शामिल थे।
कार्यकारिणी सदस्यों के तीखे तेवर देखने को मिले
इसके अलावा विभिन्न समितियों से पार्षदों को हटाए जाने के मामलों, स्थानीय निधि लेखापरीक्षा प्रतिवेदनों, मासिक आय-व्यय के प्रकाशन और वैधानिक प्रावधानों के अनुपालन की स्थिति पर भी मंथन किया जाना था। साथ ही एसआईट के गठन के आधार, उसके आदेश और अधिकार क्षेत्र को लेकर भी कार्यकारिणी सदस्यों के तीखे तेवर देखने को मिले।