Kanpur: मुठभेड़ में सराफा व्यापारी से लूट के तीन आरोपी गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली…अस्पताल में भर्ती
Kanpur News: सराफा व्यापारी से लूट के मामले में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से एक के पैर में गोली लगी है। उनके पास से लूटी गई चांदी, सोने का लॉकेट और 11,500 नकद बरामद हुए हैं।
विस्तार
कानपुर में 28 जुलाई को टौंस चौराहे से तिलशहरी मार्ग पर सराफा व्यापारी अनिल वर्मा के साथ हुई लूट की वारदात में शामिल आरोपियों की पुलिस से मुठभेड़ हो गई है। इस मुठभेड़ में एक आरोपी के पैर में गोली लगने के बाद तीन लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
एडीसीपी अंजलि विश्वकर्मा ने बताया कि महाराजपुर और नरवल पुलिस ने संयुक्त रूप से मुखबिर की सूचना पर कुलगांव के एलेन हाउस के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की।
एक के पैर में लगी गोली
इस मुठभेड़ में जूही, कानपुर निवासी राहुल के पैर में गोली लग गई, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। किदवई नगर निवासी राज मौके से फरार होने की कोशिश कर रहा था, लेकिन उसे थोड़ी दूर आगे जाकर पकड़ लिया गया। राज की निशानदेही पर तीसरे आरोपी भरत को भी कुछ दूरी पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
ये सामान हुआ बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों के पास से एक स्कूटी बरामद की है, जिसकी डिग्गी से पूरी चांदी मिली है। आरोपी राज के पास से एक सोने का लॉकेट और तीनों के पास से साढ़े ग्यारह हजार रुपये नकद भी बरामद हुए हैं। पुलिस अब इस लूट में शामिल अन्य तीन फरार आरोपियों की तलाश कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।