Kanpur: लकड़बग्घा के तीन नवजात शावक मिलने से मचा हड़कंप, अफसर बोले- रेस्क्यू कर सुरक्षित जगह भेजा जाएगा
Kanpur News: भीतरगांव इलाके के असधना गांव में लकड़बग्घा के तीन नवजात शावक मिले हैं। घाटमपुर वन क्षेत्राधिकारी राकेश श्रीवास्तव ने बताया शावकों का जन्म दस बारह दिन पहले ही हुआ है। उच्चाधिकारियों के आदेश पर शावकों को सकुशल रेस्क्यू कर सुरक्षित जगह भेजा जाएगा।
विस्तार
कानपुर में भीतरगांव विकास खंड के असधना गांव में लकड़बग्घा के तीन नवजात शावक मिले हैं। इन शावकों के मिलने से जहां ग्रामीणों के बीच कौतूहल बने हुए हैं। वहीं इलाके में लकड़बग्घों की मौजूदगी से भय का माहौल भी बना है। गांव की महिलाएं और बच्चे खेतों व आम के बगीचों में जाना बंद कर दिया है। सूचना पाकर वन विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर प्राथमिक जांच में ही लकड़बग्घे के ही तीनों शावकों के होने की पुष्टि की है।
मालूम हो कि भीतरगांव ब्लाक के सीमावर्ती असधना गांव किनारे बनी बांस की कोठी तेज आंधी में गिर गई थी। इसी कोठी के अंदर शनिवार शाम किसी जंगली जानवर के गुर्राने की अजीब सी आवाज खेल रहे लड़कों ने सुनी। लाठी-डंडे लेकर पहुंचे ग्रामीणों ने झांककर देखा, तो उन्हें लकड़बग्घे के तीन शावक दिखाई पड़े। इसके बाद वन विभाग को सूचना दी।
शावकों को रेस्क्यू कर सुरक्षित जगह भेजा जाएगा
लकड़बग्घे के शावकों को देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ लगी रही। घाटमपुर वन क्षेत्राधिकारी राकेश श्रीवास्तव ने बताया वनविभाग की टीम मौके पर पहुंची है। तीनों शावक लकड़बग्घे के हैं। तीनों शावकों की आंखें खुल चुकी हैं। शावकों का जन्म दस बारह दिन पहले ही हुआ है। उच्चाधिकारियों के आदेश पर शावकों को सकुशल रेस्क्यू कर सुरक्षित जगह भेजा जाएगा।