Kanpur: घाटमपुर में बदलेगी सड़कों की तस्वीर, 1.85 करोड़ से डूडा बनाएगा पांच सड़कें, टेंडर प्रक्रिया भी शुरू
Kanpur News: घाटमपुर नगर पालिका क्षेत्र में डूडा द्वारा 1.85 करोड़ रुपये की लागत से पांच इंटरलॉकिंग सड़कों और नालियों का निर्माण कराया जाएगा। इसमें बहुचर्चित बाबा मंदिर वाली सड़क भी शामिल है। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जिसकी अंतिम तिथि 25 जुलाई है।
विस्तार
कानपुर में घाटमपुर नगर पालिका क्षेत्र में डूडा द्वारा पांच इंटरलॉकिंग सड़कों का निर्माण नालियों के साथ कराया जाएगा। करीब 1.85 करोड़ की इन सड़कों में बाबा मंदिर वाली सड़क भी शामिल है। सड़कों के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। इनके निर्माण से कस्बेवासियों को काफी राहत मिल सकेगी।
कस्बे की दुर्दशायुक्त बाबा मंदिर वाली के दिन जल्द बहुरेंगे। इस सड़क व नालियों का निर्माण 83.94 लाख से होगा। यह सड़क मूसानगर रोड से नव निर्मित कान्हा गोशाला तक इंटरलॉकिंग से बनेगी। बारिश के मौसम में इस सड़क से निकलना बहुत मुश्किल होता है।
इनका भी कराया जाएगा निर्माण
वहीं, हाल ही में पालिका द्वारा कराए गए नाला निर्माण में खोदी गई मिट्टी पूरी तरह से न हटाए जाने से कीचड़ हो चुका है। इसी तरह कूष्मांडा नगर में दो इंटरलॉकिंग सड़कों का 29.17 लाख व 26.23 लाख से नालियों समेत निर्माण कराया जाएगा। इसी तरह नौबस्ता पश्चिमी वार्ड में 25.99 लाख व 19.28 लाख से सड़कों व नालियों का निर्माण होगा।
तीन माह के भीतर निर्माण पूरा किया जाएगा
जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) द्वारा इन कार्यों के टेंडर मांगे जा चुके हैं, जिसकी अंतिम तिथि 25 जुलाई निर्धारित की गई है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद तीन माह में अधिकृत ठेकेदार द्वारा तीन माह के भीतर इन सड़कों व नालियों का निर्माण पूरा किया जाएगा। पालिका के अधिशासी अधिकारी महेंद्र कुमार ने बताया कि डूडा द्वारा टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इन सड़कों के निर्माण से कस्बेवासियों को आवागमन में काफी सुविधा होगी।