Kanpur: रानीलक्ष्मीबाई घाट से महीनों से गायब है प्रतिमा, टूटने के बाद हटाई गई थी मूर्ति, कार्यशैली पर उठे सवाल
Kanpur News: बिठूर के रानीलक्ष्मीबाई घाट पर नमामि गंगे प्रोजेक्ट के तहत स्थापित महारानी लक्ष्मीबाई की भव्य प्रतिमा टूटने के बाद मरम्मत के नाम पर कई महीने पहले हटाई गई थी। लेकिन अब तक दोबारा प्रतिमा न लगाए जाने के कारण नगर पंचायत बिठूर की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।
विस्तार
कानपुर में बिठूर आने वाले पर्यटकों और सैलानियों को इन दिनों एक बड़ी निराशा का सामना करना पड़ रहा है। नगर पंचायत बिठूर की लचर कार्यशैली के कारण रानीलक्ष्मीबाई घाट की शोभा बढ़ाने वाली महारानी लक्ष्मीबाई की भव्य प्रतिमा महीनों बाद भी अपनी जगह पर वापस नहीं लगाई जा सकी है, जिससे लोगों में तीखी नाराजगी देखने को मिल रही है।
जानकारी के अनुसार, नमामि गंगे प्रोजेक्ट के तहत बिठूर के प्रमुख रानीलक्ष्मीबाई घाट पर एक बहुत ही भव्य और ऊंची प्रतिमा स्थापित की गई थी, जो पर्यटकों के आकर्षण का मुख्य केंद्र हुआ करती थी। कुछ महीने पहले यह प्रतिमा किसी कारणवश क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिसके बाद नगर पंचायत ने मरम्मत कराने के लिए इसे घाट से हटवा दिया था।
पर्यटकों और इतिहास प्रेमियों में रोष व्याप्त
वहीं, इतना लंबा वक्त बीत जाने के बाद भी उस प्रतिमा को दोबारा स्थापित नहीं कराया गया है। घाट पर रानीलक्ष्मीबाई की प्रतिमा न होने के कारण वहां आने वाले दूर-दूर के पर्यटकों और इतिहास प्रेमियों में रोष व्याप्त है। पर्यटकों का कहना है कि नगर पंचायत और जिम्मेदार अधिकारियों की उदासीनता के कारण ऐतिहासिक धरोहरों और स्मारकों की इस तरह अनदेखी की जा रही है।