Kanpur: अखिलेश यादव को हिरासत में लेने के विरोध में सपा का प्रदर्शन, पुलिस ने नेताओं को चौकी में बैठाया
Kanpur News: दिल्ली में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को हिरासत में लिए जाने के विरोध में मंगलवार को कानपुर में सपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। महानगर इकाई के बैनर तले शिक्षक पार्क के सामने जुटे कार्यकर्ता बड़े चौराहे की ओर मार्च करने लगे, तभी पुलिस ने उन्हें रोक लिया।
विस्तार
दिल्ली में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को हिरासत में लिए जाने की खबर फैलते ही कानपुर में भी सपाई सड़कों पर उतर आए और उग्र प्रदर्शन शुरू कर दिया। सपा महानगर इकाई के बैनर तले सैकड़ों कार्यकर्ता परेड स्थित शिक्षक पार्क के सामने एकत्र हुए और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के बाद आक्रोशित सपाई जैसे ही बड़े चौराहे की ओर बढ़ने लगे, तभी पुलिस बल ने मुस्तैदी दिखाते हुए उन्हें रास्ते में ही रोक लिया। पुलिस सभी प्रदर्शनकारी नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर नवीन मार्केट पुलिस चौकी ले आई और चौकी के अंदर बैठा दिया।
बाहर आकर फिर शुरू किया हंगामा
पुलिस प्रशासन ने माहौल बिगड़ने से रोकने के लिए सपा महानगर अध्यक्ष हाजी फजल महमूद, उपाध्यक्ष शैलेंद्र यादव मिंटू और बंटी सेंगर समेत कई वरिष्ठ पदाधिकारियों को नवीन मार्केट पुलिस चौकी के अंदर बैठाए रखा। हालांकि, कुछ समय बाद स्थिति उस वक्त फिर तनावपूर्ण हो गई जब सपाई पुलिस चौकी से बाहर निकल आए।
चौकी से बाहर निकलते ही कार्यकर्ताओं का गुस्सा एक बार फिर फूट पड़ा और वे पास ही स्थित नवीन मार्केट मेट्रो स्टेशन के बाहर इकट्ठा हो गए। सपा कार्यकर्ताओं ने मेट्रो स्टेशन के मुख्य द्वार के सामने खड़े होकर सरकार की दमनकारी नीतियों के खिलाफ जोरदार नारेबाजी और प्रदर्शन शुरू कर दिया।
मेट्रो स्टेशन के पास बढ़ाई गई सुरक्षा
अखिलेश यादव की गिरफ्तारी के विरोध में शहर के प्रमुख वाणिज्यिक केंद्र नवीन मार्केट और बड़े चौराहे के पास हुए इस हंगामे के चलते आम लोगों और खरीदारी करने आए ग्राहकों में हड़कंप मच गया। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए एसीपी और कई थानों की पुलिस फोर्स तुरंत मौके पर पहुंच गई।
पुलिस अधिकारियों ने मेट्रो स्टेशन के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और प्रदर्शनकारी सपाइयों को शांत कराने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था को किसी भी सूरत में हाथ में नहीं लेने दिया जाएगा और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।