संजय कपूर संपत्ति विवाद: 'महाभारत भी छोटी लगेगी', कोर्ट ने की टिप्पणी, मां रानी कपूर की याचिका पर 14 को सुनवाई
Kanpur News: व्यवसायी संजय कपूर की मां रानी कपूर ने प्रिया सचदेव के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर बोर्ड मीटिंग और ट्रस्ट के हस्तक्षेप पर रोक की मांग की है। कोर्ट ने मामले को महाभारत जैसा बताते हुए 14 मई को सुनवाई तय की है।
विस्तार
संजय कपूर के पारिवारिक संपत्ति विवाद पर दिवंगत व्यवसायी संजय कपूर की मां रानी कपूर (80) ने सुप्रीम कोर्ट में एक नई याचिका दायर की है। इस याचिका में उन्होंने मांग की है कि संजय की तीसरी पत्नी प्रिया सचदेव कपूर और कुछ अन्य प्रतिवादियों को सात मई को कोर्ट द्वारा शुरू की गई मध्यस्थता प्रक्रिया पूरी होने तक, आरके फैमिली ट्रस्ट के कामकाज में दखल देने से रोका जाए।
उन्होंने 18 मई को होने वाली कंपनी की बोर्ड मीटिंग पर भी रोक लगाने की मांग की है। यह मीटिंग रघुवंशी इन्वेस्टमेंट प्राइवेट लिमिटेड द्वारा आठ मई को जारी नोटिस और एजेंडा के आधार पर तय की गई है। इस कंपनी के पास ही विवादित पारिवारिक संपत्ति का एक बड़ा हिस्सा है। रानी कपूर की ओर से पेश वकील ने आज सुप्रीम कोर्ट के सामने इस याचिका का ज़िक्र किया।
महाभारत भी बहुत छोटा लगेगा
वकील ने दलील दी कि इस मीटिंग का मकसद बोर्ड में अतिरिक्त निदेशकों की नियुक्ति करना है। जस्टिस जेबी पारदीवाला की अध्यक्षता वाली पीठ ने इस मामले को 14 मई, गुरुवार को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया है। जज ने कहा कि हम एक ऐसे अखाड़े में उतर आए हैं, जिसके सामने महाभारत भी बहुत छोटा लगेगा। हम इस मामले को देखेंगे।