कानपुर: हर विधानसभा क्षेत्र में बनेगा ग्रामीण स्टेडियम, तैयार होगा वार्षिक खेल कैलेंडर, विजन डॉक्यूमेंट बनेगा
Kanpur News: नवीन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने जिले के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक-एक ग्रामीण स्टेडियम बनाने का प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया।
विस्तार
कानपुर में ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए जिले के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक ग्रामीण स्टेडियम बनाने का प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। साथ ही राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धियां हासिल करने वाले खिलाड़ियों की प्रोफाइल तैयार कर उन्हें पहचान दिलाई जाएगी। खेल प्रतियोगिताओं का वार्षिक कैलेंडर भी बनाया जाएगा।
मंगलवार को सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने जिला खेल प्रोत्साहन समिति और युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग के कार्यों की समीक्षा में इस पर मंथन किया। उन्होंने खेल सुविधाओं के विस्तार, मैदानों के विकास, खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियां बढ़ाने के लिए विजन डॉक्यूमेंट तैयार करने के निर्देश दिए।
खिलाड़ियों की उपलब्धियों का रिकॉर्ड होगा तैयार
जिलाधिकारी ने क्रीड़ा और युवा कल्याण विभाग को समन्वय से प्रतियोगिताओं का वार्षिक कैलेंडर बनाने तथा विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों की उपलब्धियों का रिकॉर्ड तैयार करने को कहा। ग्रामीण युवाओं की खेलकूद, सामाजिक और रचनात्मक गतिविधियों में भागीदारी बढ़ाने के लिए युवक मंगल दलों को सक्रिय करने पर जोर दिया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे जैन, अपर जिलाधिकारी नगर सौरभ सिंह, जॉइंट मजिस्ट्रेट एवं बीडीओ संदीप कुमार समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।