Kanpur: मोबाइल की तरह रिचार्ज करें स्मार्ट मीटर, दो फीसदी की छूट भी पाएं, अधीक्षण अभियंता ने दी ये जानकारी
Kanpur News: कानपुर में स्मार्ट प्रीपेड मीटर रिचार्ज करने पर दो प्रतिशत की छूट दी जा रही है। बैलेंस खत्म होने पर भी तीन दिन तक कनेक्शन नहीं काटा जाएगा और रिचार्ज के दो घंटे के भीतर बिजली बहाल हो जाएगी।
विस्तार
कानपुर में स्मार्ट मीटर प्रीपेड मीटर को मोबाइल फोन की तरह रिचार्ज करा सकते हैं। स्मार्ट मीटर से उपभोक्ताओं को वास्तविक समय में भुगतान और खपत की जानकारी मिलती है। यह जानकारी दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के अधीक्षण अभियंता धीरज गुप्ता और अधिशासी अभियंता राजकुमार सिंह ने मंगलवार को दी। उन्होंने बताया कि प्रीपेड रिचार्ज पर विद्युत बिल में दो फीसदी की छूट मिलती है। सोलर लगवाने पर भविष्य में मीटर बदलने की आवश्यकता नहीं होगी।
रिचार्ज बैलेंस कम होने पर एसएमएस अलर्ट भी मिलते हैं। निगेटिव बैलेंस होने पर विद्युत विच्छेदन के बाद दो घंटे में आपूर्ति बहाल हो जाती है। इसके लिए बिजली घर के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है। उपभोक्ता यूपीपीसीएल स्मार्ट ऐप या वेबसाइट www.uppcl.org से तुरंत रिचार्ज कर सकते हैं। दक्षिणांचल के 3.45 लाख उपभोक्ताओं में से 15 हजार को स्मार्ट मीटर में बदला गया है। अप्रैल तक 22 हजार स्मार्ट मीटर लगाने का लक्ष्य है।
निगेटिव बैलेंस और रिचार्ज
स्मार्ट प्रीपेड उपभोक्ताओं को बैलेंस निगेटिव होने पर कनेक्शन विच्छेदन से तीन दिन पहले अलर्ट भेजा जाता है। इस अवधि में कनेक्शन नहीं काटा जाता है। तीन दिन बाद रिचार्ज करने पर खर्च की गई बिजली का भुगतान काट लिया जाता है। अवकाश के दिन और शाम 5 से सुबह 8 बजे के बीच कनेक्शन विच्छेदन नहीं होता है। केस्को के मीडिया प्रभारी देवेंद्र कुमार वर्मा ने निगेटिव बैलेंस और पोस्टपेड बकाया जोड़कर रिचार्ज करने की सलाह दी।