Kanpur: बारिश ने तोड़ी किसानों की चिंता, सूख रही फसलों को मिली नई जान, किसान बोले- खरीफ की फसल अच्छी होगी
Kanpur News: नरवल तहसील क्षेत्र में पिछले 12 घंटे से हो रही रुक-रुक कर बारिश से सूख रही धान, बाजरा और सब्जियों की फसलों को नई जान मिल गई है। इससे किसानों के चेहरों पर तो राहत लौट आई है, लेकिन मंडी में आवक कम होने के कारण फिलहाल हरी सब्जियों के दाम बढ़ गए हैं।
विस्तार
कानपुर में बीते 12 घंटे से रुक-रुक कर हो रही बारिश ने नरवल तहसील क्षेत्र के किसानों के चेहरे पर राहत ला दी है। पिछले कई दिनों से आसमान साफ रहने के कारण खेतों में नमी खत्म हो गई थी। धान की फसल मुरझाने लगी थी और हरी सब्जियां भी सूखने के कगार पर थीं। लगातार बारिश न होने से किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें साफ दिख रही थीं।
हालांकि, सोमवार से शुरू हुई बारिश ने तस्वीर बदल दी। खेतों में नमी लौट आई है जिससे धान, बाजरा और सब्जियों की फसल को सीधा फायदा मिलेगा। कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि इस समय की बारिश हरी सब्जियों के लिए संजीवनी साबित होगी। टमाटर, भिंडी, लौकी और पत्तेदार सब्जियों को इससे नई बढ़त मिलेगी।
आवक कम होने के कारण बढ़े हरी सब्जियों के दाम
स्थानीय किसान रामशंकर तिवारी ने बताया कि पिछले एक हफ्ते से बारिश का इंतजार कर रहे थे। खेत दरक रहे थे, अब पानी मिला है तो फसल बच जाएगी। हालांकि, इस बारिश का दोहरा असर भी दिख रहा है। खेतों में फसल बेहतर होने से किसानों को आने वाले दिनों में लाभ होगा, लेकिन अभी मंडी में आवक कम होने के कारण हरी सब्जियों के दाम बढ़ गए हैं।
खरीफ की फसल अच्छी होगी
इससे मध्यम वर्गीय परिवारों की थाली थोड़ी महंगी जरूर होगी। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान भी क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश होने के पूरे आसार हैं। किसानों को उम्मीद है कि अगर बारिश इसी तरह होती रही, तो इस बार खरीफ की फसल अच्छी होगी और कटरी क्षेत्र में भी नमी बनी रहेगी।