Kanpur: महिला अधिवक्ता से पर्स लूटा…छीनाझपटी में घायल, माहौल परखने एक घंटे बाद फिर लौटे लुटेरे, एक गिरफ्तार
Kanpur News: घटना के बाद अधिवक्ता ने डायल 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पीआरवी जांच पड़ताल कर रही रही थीं कि बेखौफ लुटेरे दोबारा घटनास्थल पहुंच गए।अधिवक्ता की एक साथी की नजर लुटेरों पर पड़ी, तो पीआरवी जवानों ने लुटेरों का करीब पांच किमी तक पीछा किया।
विस्तार
कानपुर में किदवईनगर के-ब्लॉक में रविवार देर रात शादी समारोह से बाहर निकल रहीं महिला अधिवक्ता से बाइक सवार लुटेरों ने पर्स लूट लिया। छीनाझपटी के दौरान वह सड़क पर गिरकर घायल हो गईं। सूचना पर पहुंची जांच कर रही थी। इसी दौरान करीब एक घंटे बाद माहौल भांपने पहुंचे लुटेरों को देख अधिवक्ता की सहेली ने शोर मचा दिया।
इस पर वहां मौजूद पीआरवी ने लुटेरों का करीब पांच किलोमीटर तक पीछा किया, लेकिन लुटेरे भाग निकले। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की मदद से एक लुटेरे को दबोच कर लूटा गया पर्स बरामद कर लिया। साथी की तलाश की जा रही है। चकेरी के सदानंदनगर की रहने वाली महिला अधिवक्ता अमिता सिंह चौहान रविवार को किदवईनगर के-ब्लॉक स्थित माया क्रिस्टल गेस्ट हाउस गई थीं।
लुटेरों ने झपट्टा मारकर पर्स लूटने का प्रयास किया
वहां एक वरिष्ठ अधिवक्ता के बेटे के वैवाहिक समारोह में शामिल होने के बाद रात करीब 11:30 बजे वह महिला अधिवक्ताओं के साथ घर जाने के लिए गेस्ट हाउस से पैदल निकलीं। अमिता के मुताबिक वह गेस्ट हाउस करीब 200 मीटर ही आगे निकली थीं कि पीछे से आए बाइक सवार लुटेरों ने झपट्टा मारकर पर्स लूटने का प्रयास किया।
सिर, कमर और हाथ पैर में आई चोटें
छीनाझपटी के दौरान वह सड़क पर गिरकर घायल हो गईं। हादसे में उनके सिर, कमर और हाथ पैर में चोटें आई। वारदात के बाद लुटेरे पर्स लेकर अलंकार गेस्ट हाउस की ओर भाग निकले। उनके पर्स में मोबाइल, कैश और ज्वैलरी समेत अन्य जरूरी दस्तावेज रखे हुए थे।
पीआरवी जवानों ने लुटेरों का पीछा किया
घटना के बाद उन्होंने डायल 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पीआरवी जांच पड़ताल कर रही रही थीं कि बेखौफ लुटेरे दोबारा घटनास्थल पहुंच गए।अधिवक्ता की एक साथी की नजर लुटेरों पर पड़ी, तो पीआरवी जवानों ने लुटेरों का करीब पांच किमी तक पीछा किया। हालांकि वह फर्राटा भरते हुए वहां से भाग निकले।
सीसीटीवी की मदद से एक लुटेरे को पकड़ा
प्राथमिक उपचार के बाद नौबस्ता थाने पहुंचकर अमिता ने लूट की शिकायत दर्ज कराई। इधर, मामले की जांच में जुटी पुलिस सीसीटीवी की मदद से एक लुटेरे को पकड़ लिया। उसके पास से लूटी गई पर्स भी बरामद कर ली गई है। पूछताछ में लुटेरे ने बताया कि लूट से पहले वह सड़क के दूसरी ओर खड़े होकर रेकी कर रहे थे।
महिला अधिवक्ता की तहरीर पर लूट की मामला दर्ज कर लिया गया है। फुटेज के आधार पर कुछ शातिरों को उठाया गया है। जल्द खुलासा किया जाएगा। -दीपेंद्र नाथ चौधरी, डीसीपी साउथ
वर्ष लूट की वारदात
2021 21
2022 36
2023 31
2024 28
2025 35