कानपुर: मंधना में नहीं सुधरी बिजली आपूर्ति, बिठूर विधायक की चेतवानी भी बेअसर, अघोषित कटौती से 74 गांव बेहाल
Kanpur News: बिठूर विधायक अभिजीत सिंह सांगा की सख्त हिदायत के बावजूद मंधना बिजलीघर से जुड़े 74 गांवों की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था पटरी पर नहीं लौट सकी। बुधवार शाम छह बजे से गुरुवार सुबह छह बजे तक ग्रामीणों को महज चार घंटे ही बिजली मिल सकी।
विस्तार
कानपुर में बिठूर विधायक अभिजीत सिंह सांगा की कड़ी चेतावनी और हिदायत का भी दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के अधिकारियों पर कोई असर पड़ता नहीं दिख रहा है। मंधना बिजलीघर से जुड़े 74 गांवों में जारी अघोषित बिजली कटौती में कोई सुधार नहीं हुआ है।
विधायक के अल्टीमेटम के बावजूद बुधवार रात ग्रामीणों को भीषण कटौती का सामना करना पड़ा और 12 घंटे के भीतर महज चार घंटे ही बिजली मिल सकी। उल्लेखनीय है कि बुधवार को बिठूर विधायक अभिजीत सिंह सांगा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था।
अधिकारियों को लगाई थी कड़ी फटकार
इस वीडियो में विधायक मंधना क्षेत्र के 74 गांवों में जारी बदहाल विद्युत आपूर्ति को लेकर दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के उच्च अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते नजर आ रहे थे। उन्होंने अफसरों को स्पष्ट हिदायत दी थी कि ग्रामीणों को अघोषित कटौती से तत्काल राहत दी जाए और व्यवस्था में सुधार किया जाए।
रात भर रतजगा करने को मजबूर रहे ग्रामीण
विधायक के हस्तक्षेप के बाद ग्रामीणों को उम्मीद थी कि बिजली व्यवस्था में सुधार होगा, लेकिन रात की स्थिति ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। बुधवार शाम छह बजे से गुरुवार सुबह छह बजे के बीच महज चार घंटे ही बिजली सप्लाई दी गई। भीषण गर्मी और उमस के बीच रात भर बिजली गायब रहने से लोग सो नहीं सके।