Kanpur: पुलिस ने चलाया स्टंट बाइकर्स के खिलाफ अभियान, 49 बाइकर्स का काटा चालान, 1.25 लाख का जुर्माना लगाया
Kanpur Crime: डीसीपी सेंट्रल ने मामले का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई करवाई। बताया गया कि समय-समय पर औचक अभियान चलाकर भविष्य में भी स्टंट बाइकर्स पर कार्रवाई की जाएगी।
विस्तार
कानपुर में कमिश्नरी पुलिस ने डीसीपी सेंट्रल प्रमोद कुमार के नेतृत्व में गंगा बैराज पर तेज रफ्तार पर स्टंट करते हुए फर्राटा भरने वाले बाइकर्स के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की। इनमें से अधिकांश तीन सवारी के साथ ओवरस्पीड से वाहन दौड़ा रहे थे।
एसीपी कर्नलगंज मो. अकमल खान, प्रभारी निरीक्षण नवाबगंज व कोहना, टीआई सेंट्रल और उनकी टीम ने संयुक्त अभियान के दौरान स्टंट व तेज रफ्तार में फर्राटा भर रहे 49 बाइकर्स के मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत चालान किए और 1.25 लाख का जुर्माना भी लगाया।
इस दौरान बाइकर्स को यातायात नियमों का पालन करने और भविष्य में स्टंटिंग व ओवर स्पीडिंग न करने की शपथ भी दिलाई गई। बता दें, बैराज पर आए दिन बाइकर्स शाम को तेज रफ्तार में फर्राटा भरकर आने-जाने वाले आम लोगों को परेशानी में डालते रहे हैं।
समय-समय पर औचक अभियान चलेगा
लगातार शिकायतों के बावजूद स्थानीय पुलिस के लापरवाह रहने पर कुछ लोगों ने उच्चाधिकारियों से शिकायत की थी। डीसीपी सेंट्रल ने मामले का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई करवाई। बताया गया कि समय-समय पर औचक अभियान चलाकर भविष्य में भी स्टंट बाइकर्स पर कार्रवाई की जाएगी।