Kanpur: एक ही बस से 'समाधान दिवस' पहुंचे अधिकारी, DM की अनूठी पहल, ईंधन की बचत और जाम से मिलेगी निजात
Kanpur News: कानपुर के डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह की पहल पर जिला स्तरीय अधिकारी अपनी गाड़ियां छोड़ एक ही बस से बिल्हौर तहसील दिवस पहुंचे। इससे ईंधन की बचत होगी और सड़कों पर जाम नहीं लगेगा।
विस्तार
कानपुर के बिल्हौर में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की ईंधन बचाने की अपील का असर प्रशासनिक अफसरों के कामकाज पर भी दिखाई पड़ने लगा है। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की पहल पर अब तहसील दिवस में आवागमन एक ही बस से जिले के अलग-अलग विभागों के अधिकारी करेंगे।
बस से आवागमन से जहां अफसर को आपस में बातचीत करने का भरपूर अवसर मिलेगा। वहीं, ईंधन की भी बचत होगी। मुख्य मार्गों पर राहगीरों को जाम से भी निजात मिलेगी। बताया कि सड़क सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और ईंधन की बचत को लेकर यह कदम आगे भी जारी रहेगा।
सभी अधिकारी एक बस पर सवार होकर निकले
इससे आम जनता के बीच एक सकारात्मक संदेश जाएगा। शनिवार को बिल्हौर विकासखंड सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में विकास भवन से जनपद भर के अलग-अलग इलाकों से सभी जिला स्तरीय अधिकारी एक बस पर सवार होकर सुबह करीब 10 बजे बिल्हौर के लिए रवाना हुए।
फरियादियों की शिकायतें सुनीं
करीब एक घंटे बाद सभी अधिकारियों का दल बिल्हौर विकासखंड सभागार पहुंचा। यहां पर उन्होंने अपना-अपना स्थान ग्रहण कर तहसील क्षेत्र के अलग-अलग गांव से आए फरियादियों की शिकायतें सुनना आरंभ किया। अधिकारियों को एक ही बस में आया देख, फरियादी भी कौतुहल में रहे।