Kanpur: दुकान के नाम पर नेगी ने 19 लाख हड़पे, कुर्की नोटिस चस्पा करने पहुंची थी टीम, ब्याज समेत 21 लाख चुकाए
Kanpur News: रेरा ने गजेंद्र सिंह नेगी के खिलाफ 19 लाख रुपये की आरसी जारी की थी। इस पर एसडीएम सदर ने कुर्की की नोटिस चस्पा करने के लिए टीम भेजी। इसकी जानकारी मिलते ही नेगी दुकान की ली गई पूरी धनराशि लेकर पहुंच गए। टीम ने ब्याज समेत कुल 21.23 लाख रुपये की वसूली की।
विस्तार
कानपुर में सदर तहसील की टीम की ओर से चलाए जा रहे विशेष वसूली अभियान के तहत गुरुवार को केशवपुरम स्थित नेगी डेवलपर्स से 21 लाख की वूसली की गई। दरअसल, टीम यहां रेरा (रियल एस्टेट रेगुलेशन एंड डेवलपमेंट एक्ट) के तहत कुर्की का नोटिस चस्पा करने पहुंची थी। कार्रवाई के डर से डेवलपर्स की ओर से दुकान के नाम पर हड़पे गए 19 लाख रुपये ब्याज समेत कुल 21.23 लाख रुपये चुका दिए गए।
टीम ने अन्य स्थानों पर कार्रवाई कर कुल 1.05 करोड़ रुपये की वसूली की। केशवपुरम स्थित नेगी डेवलपर्स को एक व्यक्ति ने दुकान खरीदने के बदले 19 लाख रुपये दिए थे। नेगी ने पैसे तो ले लिए लेकिन दुकान पर कब्जा नहीं दिया। पीड़ित ने रेरा में वाद दायर कर दिया। रेरा ने गजेंद्र सिंह नेगी के खिलाफ 19 लाख रुपये की आरसी जारी की थी।
ब्याज समेत कुल 21.23 लाख रुपये की वसूली
इस पर एसडीएम सदर ने गुरुवार को कुर्की की नोटिस चस्पा करने के लिए तहसीलदार सदर विनय कुमार, नायब तहसीलदार रश्मि सिंह संग्रह अमीन ध्रुव नारायण द्विवेदी और मनोज दीक्षित की टीम भेजी। इसकी जानकारी मिलते ही नेगी दुकान की ली गई पूरी धनराशि लेकर पहुंच गए। टीम ने ब्याज समेत कुल 21.23 लाख रुपये की वसूली की। इसके साथ टीम ने अन्य बकायेदारों से भी वसूली की।
इनसे हुई वसूली
- लेबर अवार्ड से- 9,14,214 रुपये
- बैंक देयों से- 43,14,773 रुपये (सबसे अधिक)
- स्टाम्प देयों से- 16,36,880 रुपये
- विद्युत बकाया से- 7,87,672 रुपये
- परिवहन देयों से- 3,78,400 रुपये
- अन्य देयों से- 4,08,906