Kanpur Nagar Nigam: नालों की सफाई के तीन करोड़ पानी में बहे, सड़कों में भरा पानी, टूटने लगीं सड़कें
कानपुर नगर निगम के अधिकारियों के लापरवाही और नजरअंदाजी के चलते बारिश में लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। नगर निगम और पीडब्ल्यूडी ने सड़कों में भरा पानी निकलने का बंदोबस्त नहीं कराया। वहीं, नाला सफाई का तीन करोड़ का बजट बर्बाद हो गया और विभिन्न इलाकों की सड़कें टूटने व धंसने लगी हैं।
विस्तार
कानपुर में नालों की सफाई में तीन करोड़ बहने के बाद जलभराव से सड़कें टूटती देख शुक्रवार को खुदाई पर रोक लगा दी। खुदाई के लिए पूर्व में दी गईं अनुमतियां भी निरस्त कर दीं। जोनल अभियंताओं को इस आदेश का कड़ाई से पालन करने के लिए कहा गया है। किसी भी क्षेत्र में खुदाई होने पर संबंधित जोन के अवर अभियंता से लेकर अधिशासी अभियंता तक को कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
नगर निगम ने करीब तीन करोड़ रुपये से 264 नालों की सफाई के नाम पर खानापूरी की। नालियां, गली पिट तक ठीक से साफ न होने के कारण बरसात शुरू होते ही सड़कों पर पानी भरने लगा। इसके चलते तीन अगस्त को अस्सी फीट रोड सहित तीन जगह सड़क में गड्ढे हो गए थे। जीटी रोड, कालपी रोड, मरियमपुर से विजय नगर रोड, बकरमंडी से गोल चौराहा रोड, चावला चौराहे से परमपुरवा रोड, इंदिरा नगर रोड, पनकी, किदवई नगर सहित कई मोहल्लों में सड़कें टूटने लगी हैं।
नगर निगम और पीडब्ल्यूडी के लापरवाह अफसरों ने जलभराव वाली सड़कों से पानी निकलने के इंतजाम भी नहीं किए, जिसकी वजह से करोड़ों रुपये की सड़कें टूटने लगी हैं। इससे हादसों का खतरा है। इस बीच किदवई नगर सहित कई मोहल्लों में केबिल आदि डालने के लिए खुदाई भी हो रही है।
उधर, नगर निगम के मुख्य अभियंता एसके सिंह ने सभी जोनल अभियंताओं को आदेश दिया कि वे अपने-अपने जोन में रोड कटिंग की अनुमतियों को तत्काल स्थगित करें। इस मौसम में किसी भी विभाग को रोड कटिंग की अनुमति न दी जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी स्थान में रोड कटिंग न हो। वरना, अपर अभियंता की जिम्मेदारी निर्धारित करते हुए सहायक अभियंता और अधिशासी अभियंता के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।