Kanpur: बेटे की हत्या के बाद महिला के सुसाइड का मामला, पति समेत चार हिरासत में, पूछताछ जारी
कानपुर में रावतपुर के मसवानपुर में दो साल के बेटे मनन की हत्या के बाद मां सीमा (22) की खुदकुशी के मामले में पुलिस ने देर रात मृतका के भाई की तहरीर पर पति समेत सात लोगों के खिलाफ मारपीट, दहेज प्रताड़ना, हत्या समेत अन्य गंभीर धाराओें में रिपोर्ट दर्ज कर ली। पुलिस ने देर रात पति विशाल, ससुर, सास व देवर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बेटे की गला दबाकर हत्या के बाद मां के खुदकुशी करने की पुष्टि हुई है। शादी समारोह में महिला डांसर के साथ पति को डांस करने से रोकने के विरोध में पिटाई से क्षुब्ध होकर मंगलवार को सीमा ने दो साल के बेटे की गला दबाकर हत्या करने के बाद फंदे से लटककर जान दे दी थी। भाई विनोद का आरोप था कि सीमा पर दबाव बनाकर व्यापार के लिए पांच लाख रुपये मांगे जाते थे। इनकार पर प्रताड़ित किया जाता था।
पुलिस ने मंगलवार देर रात पुलिस ने विनोद की तहरीर पर पति विशाल, ससुर मुन्नालाल, सास पुष्पा उर्फ नन्ही, ननद वैशाली, ननदोई देवेंद्र, विशाल के बुआ का बेटा चंद्राम व देवर विवेक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पति, सास, ससुर और देवर को हिरासत में ले लिया था। पुलिस चारों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। थाना प्रभारी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मृतका के भाई ने दी मुखाग्नि
डॉ. अनिल उमराव और डॉ. सचिन सिंह ने मां और बेटे का वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मनन की गला दबाकर और सीमा के फंदा लगने से मौत की पुष्टि हुई है। पोस्टमार्टम के बाद मायके वाले दोनों का शव लेकर बिठूर पहुंचे, जहां मृतक के भाई ने सीमा को मुखाग्नि दी। वहीं मासूम मनन के शव को दफनाया गया।