कानपुर: ‘मुख्यमंत्री कहां आ रहे, मुझे बम फेंकना है', सीपी के सीयूजी पर आया था मैसेज, पुलिस ने युवक को पकड़ा
Kanpur News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 26 अक्तूबर को बिठूर आगमन के दिन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हड़कंप मच गया। काकादेव निवासी मानसिक रूप से बीमार युवक जीतेश ने पुलिस कमिश्नर) के सीयूजी नंबर पर मैसेज भेजकर मुख्यमंत्री पर बम फेंकने की धमकी दे डाली और उनके आने का समय व स्थान पूछा।
विस्तार
कानपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 26 अक्तूबर को बिठूर स्थित प्रस्तावित कार्यक्रम के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अमले में उस समय हड़कंप मच गया था। जब सीधे पुलिस कमिश्नर के सीयूजी मोबाइल नंबर पर एक धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ। संदेश भेजने वाले ने पूछा था कि मुख्यमंत्री कहां और कितने बजे आ रहे हैं, उसे उन पर बम फेंकना है।
वीआईपी सुरक्षा से जुड़ा मामला होने के कारण पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आनन-फानन सर्विलांस टीम को सक्रिय किया गया। मैसेज की तकनीकी जांच और लोकेशन ट्रेस करने पर पता चला कि सिम कार्ड काकादेव क्षेत्र का है। सूचना मिलते ही काकादेव थाना पुलिस की टीम ने बताए गए पते पर तुरंत छापेमारी कर जीतेश नामक युवक को हिरासत में ले लिया और थाने ले आई।
युवक से लिखित में माफीनामा बनवाया
थाने में कड़ाई से पूछताछ करने पर युवक की हरकतों से उसके मानसिक रूप से अस्वस्थ होने का अंदेशा हुआ। युवक के पकड़े जाने की खबर मिलते ही उसके परिजन बदहवास हालत में काकादेव थाने पहुंचे। परिजनों ने पुलिस अधिकारियों को जीतेश के मानसिक रोग के इलाज से संबंधित डॉक्टरों के पर्चे, मेडिकल फाइलें और दस्तावेज दिखाए। परिजनों ने पुलिस को बताया कि दिमागी हालत ठीक न होने के कारण उसने अनजाने में यह हिमाकत कर दी। पुलिस ने परिजनों युवक से लिखित में माफीनामा बनवाया और दोबारा ऐसी गलती न होने की हिदायत देते छोड़ दिया।