Kanpur: हाथ में तलवार लेकर थाने पहुंचे महंत, टेनरी संचालकों पर गंगा में गंदगी फैलाने का आरोप, जांच का आश्वासन
Kanpur News: जाजमऊ स्थित जंगलेश्वर हनुमान मंदिर के महंत दिगंबर अजब आनंदपुरी महाराज शुक्रवार को हाथ में तलवार लेकर अपने साथियों के साथ थाने पहुंच गए। महंत ने टेनरी संचालकों पर गंगा में गंदा पानी फेंकवाने और विरोध करने पर मंदिर खाली कराने का दबाव बनाने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने समझा-बुझाकर मामला शांत कराया और जांच का आश्वासन दिया।
विस्तार
कानपुर में जंगलेश्वर हनुमान मंदिर के महंत दिगंबर अजब आनंदपुरी महाराज शुक्रवार को साथियों के साथ हाथ में तलवार लेकर जाजमऊ थाने पहुंचे। थाने के भीतर महंत के हाथ में तलवार देख पुलिस कर्मी भी सकते में आ गए। सूचना पाते ही थाना प्रभारी संजय पांडे भी मौके पर पहुंचे।
महंत और उनके साथियों ने आरोप लगाया कि कुछ टेनरी संचालक गंगा में गंदगी फेंकवा रहे हैं। विरोध करने पर उन्हीं पर मंदिर खाली करने का दबाव बना रहे हैं। पुलिस ने किसी तरह महंत को समझा-बुझाकर शांत किया। जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
गंगा में गंदा पानी फेंकवा रहे हैं टेनरी संचालक
पुलिस ने बताया कि जाजमऊ के वाजिदपुर केसा में जंगलेश्वर हनुमान मंदिर है। इसके दिगंबर अजब आनंदपुरी महाराज महंत हैं। आनंदपुरी का आरोप है कि वे और उनके साथी रोज शाम को गंगा किनारे आरती करते हैं। कुछ टेनरी संचालक गंगा में गंदा पानी फेंकवा रहे हैं।
शिकायत लेकर आए थे महंत
विरोध करने पर संचालक उन्हें धमकी देकर मंदिर से ही बाहर करने का प्रयास कर रहे हैं। थाना प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि महंत को आश्वासन दिया तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी। एसीपी प्रियंका बाजपेई का कहना है कि महंत अपने साथियों के साथ टेनरी संचालकों की शिकायत लेकर आए थे। किसी तरह का हंगामा नहीं हुआ है। उनकी बात सुन ली गई है और तहरीर लेकर जांच कराई जाएगी।