Kanpur Lawyers Association Election: दिनेश वर्मा बने अध्यक्ष, राजीव यादव महामंत्री; पुनर्मतगणना पर हंगामा
दिनेश कुमार वर्मा ने सिर्फ 15 मतों से अपने निकटतम प्रतिद्वंदी को पछाड़कर जीत हासिल की, वहीं महामंत्री पद पर राजीव यादव ने 311 मतों से जीत दर्ज कर विजयश्री का ताज पहना।
विस्तार
अध्यक्ष पद पर दिनेश कुमार वर्मा को 1295 मत मिले। दूसरे स्थान पर रहे राकेश सचान को 1280 व तीसरे स्थान पर रहे अरविंद कुमार दीक्षित को 1121 मत मिले। अनूप कुमार द्विवेदी को 1083, सैयद सिकंदर आलम को 532 व सुरेंद्र कुमार पांडे को 396 मतों पर संतोष करना पड़ा। 48 मत अवैध घोषित हुए। वहीं महामंत्री पद पर राजीव यादव को 1771 मत मिले जबकि दूसरे स्थान पर रहे सुनील कुमार पांडे को 1460 व तीसरे स्थान पर रहे अभय शर्मा को 962 मत मिले। नवनीत कुमार पांडे को 498, धर्मेंद्र सिंह भदौरिया को 440, देशबंधु तिवारी को 348, अखिलेश कुमार गुप्ता को 131 व ज्योतेंद्र कुमार दीक्षित को 102 मतों से संतोष करना पड़ा। 43 मत अवैध घोषित हुए।
देर से मतगणनास्थल पहुंचे प्रत्याशी
एल्डर्स कमेटी चेयरमैन रवि मोहन कटियार व मुख्य चुनाव अधिकारी राजेश यादव ने बताया कि सुबह प्रत्याशियों के देर से मतगणना स्थल पर पहुंचने के कारण लगभग साढ़े दस बजे मतपेटियों की सील खोली जा सकी। इसके बाद मतपत्रों की छटाई व बंडलिंग का काम शुरू हुआ और लगभग साढ़े पांच बजे मतों की गणना शुरू की जा सकी। इसके चलते परिणाम आने में लगभग नौ बज गए। उन्होंने गुरुवार को हरहाल में उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशियों से सुबह नौ बजे मतगणना स्थल पर पहुंचने की अपील की है।
कड़ी सुरक्षा में पूर्व सैनिकों ने की मतगणना
चुनाव की मतगणना के लिए भी पूर्व सैनिकों को ही लगाया गया था। मतगणना स्थल को पूरी तरह से सुरक्षा घेरे में ले लिया गया था। कई थानों की फोर्स मौजूद रही। एलआईयू कर्मी भी सतर्क रहे। एल्डर्स कमेटी और अध्यक्ष-महामंत्री प्रत्याशियों के अलावा किसी को अंदर प्रवेश नहीं दिया गया। बाहर बैठे समर्थकों को लाउडस्पीकर से लगातार मतगणना का अपडेट दिया जाता रहा।
अधिवक्ताओं के सम्मान के लिए संघर्षरत रहूंगा। कल्याण निधि, पेंशन, युवा अधिवक्ताओं के लिए निधि आदि की मांग को पुरजोर अंदाज में रखा जाएगा। -दिनेश कुमार वर्मा, अध्यक्ष
बार-बेंच के बीच सामंजस्य बनाया जाएगा। अधिवक्ता हितों के लिए संघर्षरत रहा हूं और रहूंगा। अधिवक्ताओं ने विश्वास जताया है, उनके विश्वास पर खरा उतरूंगा। -राजीव यादव, महामंत्री
पुनर्मतगणना की मांग पर अड़े राकेश, रात तक चलता रहा समर्थकों का हंगामा
अध्यक्ष पद पर कांटे की टक्कर के बाद निर्वाचित घोषित किए गए दिनेश वर्मा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी राकेश सचान को 15 वोटों से हरा दिया। परिणाम आने पर राकेश सचान समर्थकों ने हंगामा शुरू कर दिया। राकेश की ओर से पुनर्मतगणना की मांग करते हुए प्रार्थना पत्र एल्डर्स कमेटी को दिया गया लेकिन एल्डर्स कमेटी ने मांग खारिज कर दी।
इसके बाद राकेश समर्थकों ने हो हल्ला व नारेबाजी शुरू कर दी। पुलिस ने कड़ी सुरक्षा में दिनेश वर्मा को वहां से ले जाकर घर छोड़ दिया। इसके बाद पुलिस की एक टीम ने एल्डर्स कमेटी चेयरमैन, मुख्य चुनाव अधिकारी व अन्य सदस्यों को भी धीरे-धीरे घर भिजवा दिया।
वहीं राकेश समर्थकों ने एक दूसरे को फोन कर बुलाना शुरू कर दिया। अधिवक्ताओं की भीड़ बढ़ने लगी। रात में ही एल्डर्स कमेटी चेयरमैन को बुलाने, पुनर्मतगणना का शुल्क जमा कराने और गुरुवार को पुनर्मतगणना कराने की मांग पर अड़े हुए हैं।