Kanpur: बिना सहमति लोगों पर प्रीपेड स्मार्ट मीटर थोप रहा केस्को, ऑटो-डेबिट से बढ़ी परेशान, एमडी ने कही ये बात
Kanpur News: कानपुर में केस्को द्वारा बिना सूचना के पोस्टपेड मीटरों को प्रीपेड में बदलने और रिचार्ज राशि से एरियर की कटौती करने पर उपभोक्ताओं में भारी आक्रोश है। एमडी केस्को ने शिकायतों के लिए 1912 और 8 हेल्पडेस्क पर संपर्क करने की सलाह दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कानपुर में केस्को उपभोक्ताओं को बिना बताए पोस्टपेड कनेक्शन को प्रीपेड स्मार्ट मीटर में बदल रहा है। एक-दो माह बाद बिजली कटने पर लोगों को इसका पता चलता है। रिचार्ज करने पर मीटर बदलने की प्रक्रिया के बीच इस्तेमाल बिजली का बकाया एरियर के रूप में काट लिया जाता है। शहर में केस्को के 97 सब स्टेशनों से 07.56 लाख उपभोक्ता जुड़े हैं। 2.91 लाख लोगों के घरों में स्मार्ट मीटर लगा है।
वर्तमान में करीब 01.08 लाख उपभोक्ता ऐसे हैं, जिनके घर या दुकान में पहले पोस्टपेड मीटर लगे थे जिन्हें बाद में प्रीपेड किया गया। बैलेंस निगेटिव होने पर जब बिजली कटी तो उतनी ही रकम का रिचार्ज करा दिया। इसके बाद भी बिजली न आने की शिकायतें आ रही हैं। ऐसा इसलिए है, क्योंकि मीटर प्रीपेड होने के बाद उपभोक्ता ने जितनी बिजली इस्तेमाल की, वह राशि निगेटिव बैलेंस दिखाती है।
रिचार्ज करने पर बैलेंस से एरियर की कुछ राशि कट जाती है
इसके अलावा पोस्टपेड मीटर के अंतिम बिल भुगतान से मीटर प्रीपेड होने के बीच में इस्तेमाल की गई बिजली का भुगतान एरियर के रूप में दिखने लगता है। हर बार रिचार्ज करने पर बैलेंस से एरियर की कुछ राशि कट जाती है। यदि किसी का एरियर 10 हजार बकाया है, तो हर रिचार्ज से 10 प्रतिशत, 15 हजार में 15 प्रतिशत और 20 हजार से अधिक बकाए पर 25 प्रतिशत राशि कटती है।
हेल्पडेस्क पर दर्ज करा सकते हैं शिकायत
केस्को के प्रबंध निदेशक सैमुअल पॉल एन ने बताया कि यदि उपभोक्ता को प्रीपेड स्मार्ट मीटर को लेकर कोई दिक्कत है, तो वह हेल्पडेस्क 1912 या शहर में केस्को की आठ हेल्पडेस्क (चुन्नीगंज, दादानगर, जाजमऊ, नोबसता, दबोली, केशवपुरम, फूलबाग, देहली सुजानपुर) पर जाकर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। हेल्पडेस्क पर रोजाना 1500 से 1600 शिकायतें आ रही हैं।
उपभोक्ता की सहमति लेकर ही स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे
हाल ही में उत्तर प्रदेश विद्युत नियामक आयोग की जनसुनवाई के दौरान अध्यक्ष अरविंद कुमार ने साफ किया था कि नई गाइडलाइन के अनुसार उपभोक्ता की सहमति लेकर ही स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे। इस पर केस्को एमडी का कहना है कि अभी प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगाने के निर्देश ही मिले हैं।
कोई भी नया सिस्टम आने पर भ्रांतियां तो होती ही हैं। स्मार्ट मीटर की समस्याओं को दूर करने और उपभोक्ताओं को जागरूक करने के लिए लगातार प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। कैंप लगाकर भी लोगों को स्मार्ट मीटर के फायदे बताए जा रहे हैं। -सैमुअल पॉल एन, एमडी केस्को
- 15 मार्च को प्रीपेड स्मार्ट मीटर में सात हजार रुपये जमा कराए थे। उस समय तीन हजार प्लस बैलेंस दिखा रहा था। कुछ दिन के लिए शहर से बाहर गए थे। लौटकर देखा तो पता चला कि 2400 रुपये कट चुके है जबकि बिजली का ज्यादा उपयोग भी नहीं हो रहा है। -सियान, केडीए कॉलोनी, चकेरी
- बिना जानकारी दिए ही केस्को ने पोस्टपेड हटाकर प्रीपेड मीटर लगा दिया। बिजली कटने पर जानकारी की तो पता चला कि बैलेंस नहीं है। रिचार्ज करने पर बिजली आई। स्मार्ट मीटर से काफी दिक्कतें हो रही हैं। -मो. इमरान, पनकी पावर हाउस मार्केट