कानपुर: चर्च में धर्म परिवर्तन को लेकर हिंदू संगठनों ने काटा था हंगामा, बिशप पर कार्रवाई, फोर्स तैनात
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कानपुर में कल्याणपुर के गूबा गार्डन में गुड शेफर्ड एजुकेशन सेंटर में बिशप पंकज मलिक की देखरेख में चर्च चलता है। बुधवार को चर्च में धर्म परिवर्तन का आरोप लगाकर हिंदू संगठनों के हंगामे के बाद कल्याणपुर पुलिस ने बिशप पंकज मलिक पर धारा 144 के उल्लंघन की कार्रवाई कर थाने से छोड़ दिया।
इस दौरान समाज के लोगों का तांता लगा रहा। उधर हिंदू युवा वाहिनी के जिलाध्यक्ष दीपक ठाकुर व घनश्याम मिश्रा ने पुलिस प्रशासन पर मामले को गंभीरता से न लेने का आरोप लगाकर संगठन के उच्च पदाधिकारियों से शिकायत की है। कल्याणपुर इंस्पेक्टर अजय सेठ ने बताया कि बिशप पर महामारी अधिनियम में भी कार्रवाई की जाएगी। चर्च के बाहर फोर्स को तैनात कर दिया गया है।
बता दें कि कल्याणपुर के गूबा गार्डन स्थित एक चर्च में धर्म परिवर्तन का आरोप लगाकर हिंदू संगठनों ने जमकर हंगामा काटा था। पुलिस ने चर्च के बिशप को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया। हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने तहरीर दी है।
आरोप है कि पिछले तीन दिनों से चर्च में सैकड़ों लोगों को बाहरी जिलों से बुलाकर धर्म परिवर्तन किया जा रहा है। बुधवार रात हिंदू युवा वाहिनी के दीपक ठाकुर, घनश्याम मिश्रा समेत अन्य हिंदू संगठनों के दर्जनों कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया।
हिंदू युवा वाहिनी के दीपक ठाकुर ने बताया कि चर्च में मौजूद लोगों को 50 हजार रुपये और एक साल का राशन देने का लालच देकर धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है। कल्याणपुर सीओ अशोक कुमार भारी फोर्स के साथ पहुंचे और विशाल पंकज मलिक को हिरासत में लेकर थाने भिजवा दिया। कल्याणपुर इंस्पेक्टर अजय सेठ ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है।