Kanpur: अहिरवां एयरपोर्ट के पास बनेगा गेस्ट हाउस और श्रमजीवी महिला छात्रावास, केडीए ने चिन्हित की जमीन
Kanpur News: चार जून को विकास प्राधिकरण 143वीं बोर्ड की बैठक होगी। बैठक के एजेंडे में न्यू कानपुर सिटी योजना का संशोधित ले-आउट, व्यवसायिक एफएआर बढ़ाने, बजट समेत 15 प्रस्ताव शामिल किए गए हैं।
विस्तार
कानपुर में अहिरवां एयरपोर्ट के पास मुख्यमंत्री श्रमजीवी छात्रावास और न्यायिक अधिकारियों के लिए गेस्ट हाउस बनेगा। केडीए ने जमीन चिह्नित कर ली है। चार जून को विकास प्राधिकरण 143वीं बोर्ड की बैठक में प्रस्तावों पर मुहर लगेगी। केडीए के फ्लैटों की कीमत में संशोधन पर विचार होगा। बैठक के एजेंडे में न्यू कानपुर सिटी योजना का संशोधित ले-आउट, बेसमेंट में शौचालय बनाने, व्यवसायिक एफएआर बढ़ाने, बजट समेत 15 प्रस्ताव शामिल किए गए हैं।
एजेंडे में अभियंत्रण जोन-1 और नियोजन विभाग की तरफ से न्यू कानपुर सिटी योजना के नवीन ले-आउट को सैद्धांतिक अनुमोदन के बाद योजना के क्रियान्वयन के संबंध में प्रस्ताव शामिल कराया गया है। प्रस्ताव संख्या-4 में बेसमेंट में शौचालय निर्माण अनुमान्य किए जाने और मूल बेसमेंट की तरह एक्सटेंडेड बेसमेंट में भी समान तरह का प्रयोजन (वाणिज्यिक एवं कार्यालय) अनुमन्य करने के लिए प्रभारी भवन निर्माण एवं विकास उपविधि-2008 के अध्याय-3.9 में संशोधन करने के संबंध में प्रस्ताव शामिल कराया गया है।
नामांतरण आदि के प्रस्ताव भी हैं शामिल
इसी तरह वाह्य विकास शुल्क की कास्ट इंडेक्स के आधार पर पुनरीक्षित दरों पर बोर्ड के अनुमोदन, भारतीय वाक श्रवण संस्थान मानसगंगोत्री मैसूर की तरफ से ग्राम सुरार की 8.16 हेक्टेयर जमीन को औद्योगिक भूउपयोग से सार्वजनिक, अर्द्धसार्वजनिक सुविधाएं भूउपयोग में परिवर्तन के प्रस्ताव शामिल किए गए हैं। भूउपयोग परिवर्तन, वैकल्पिक प्लॉट देने, नामांतरण आदि के प्रस्ताव शामिल हैं।