Kanpur: चेतावनी बिंदु से सात सेमी. ऊपर बह रही गंगा, तीन मोहल्लों में घुसा पानी, नावों से हो रहा आवागमन
Kanpur News: शुक्लागंज में गंगा नदी का जलस्तर चेतावनी बिंदु से सात सेमी. ऊपर पहुंच गया है, जिससे गोताखोर, चंपापुरवा और हुसैन नगर मोहल्ले बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। करीब 115 मकान जलमग्न होने से लोग छतों पर रहने को मजबूर हैं, जबकि प्रशासन ने आवागमन के लिए नावों की संख्या बढ़ाकर 10 कर दी है।
विस्तार
शुक्लागंज में उफनाई गंगा नदी का जलस्तर थम नहीं रहा है। 24 घंटे में तीन सेंटीमीटर बढ़ने के साथ जलस्तर चेतावनी बिंदु 112 मीटर के सात सेमी. ऊपर पहुंच गया। पश्चिमी गंगाघाट के कटरी क्षेत्र के तीन मोहल्लों गोताखोर, चंपापुरवा और हुसैन नगर में पानी घुस गया है। 115 मकान पानी से घिर गए हैं। कुछ घरों में पानी घुसने से लोग छतों पर गुजर-बसर कर रहे हैं।
ऐसे में यहां रहने वालों की दुश्वारियां बढ़ गई हैं। लोग अपने जरूरी कामकाज नावों से निपटा रहे हैं। जिला प्रशासन की ओर से पांच नावे लगाई गईं थी। गुरुवार को बढ़ाकर 10 नावें कर दी गई है। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार बुधवार शाम छह बजे गंगा नदी का जलस्तर 112.040 मीटर रिकार्ड किया गया था, जो अगले दिन गुरुवार को शाम छह बजे बढ़कर 112.070 मीटर पर पहुंच गया।
लोगों को आवागमन में उठानी पड़ रही दिक्कतें
चेतावनी बिंदु से सात सेंटीमीटर ऊपर गंगा का पानी बह रहा है। बहाव तेज होने के कारण जाजमऊ के गंगा कटरी इलाके में कटान भी तेज हो गई है। वहीं पश्चिमी गंगाघाट कटरी क्षेत्र के मोहल्ला गोताखोर, चंपापुरवा और हुसैन नगर की आबादी में पानी घुस जाने से लोगों को आवागमन को लेकर दिक्कतें उठानी पड़ रही है। लोगों ने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से जो नावें लगाई गई हैं।
छतों पर घरेलू कामकाज निपटा रहे हैं परिवार
उनके नाविक नाव छोड़ कर इधर उधर चले जाते हैं। इससे आवागमन में दिक्कत हो रही। निचले भाग में बने कुछ घरों के अंदर नदी का पानी घुस गया है। ऐसे परिवार छतों पर घरेलू कामकाज निपटा रहे है। एसडीएम सदर राजेश विश्वकर्मा ने बताया कि लगातार बढ़ते जलस्तर पर नजर रखी जा रही है। पालिका और लेखपालों की टीम इसके लिए लगाई गई है।