गलत पार्किंग का विरोध पड़ा भारी, दबंगों ने दुकानदार मां-बेटी को पीटा; वारदात CCTV में कैद
Kanpur News: फजलगंज थाना क्षेत्र के गुमटी बंबा रोड स्थित न्यू गुप्ता ऑयल मिल के बाहर गलत तरीके से वाहन खड़ा करने का विरोध करना दुकानदार परिवार को भारी पड़ गया। आरोप है कि विरोध से नाराज दबंगों ने दुकान में घुसकर महिला दुकानदार और उनकी बेटी के साथ मारपीट कर दी।
विस्तार
कानपुर नगर के फजलगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत गुमटी बंबा रोड पर दबंगई का एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है। यहां 'न्यू गुप्ता ऑयल मिल' के बाहर गलत तरीके से वाहन खड़ा करने का विरोध करना एक दुकानदार परिवार को भारी पड़ गया।
वाहन हटाने की बात पर भड़के दबंगों ने दुकान में जबरन घुसकर दुकानदार महिला और उनकी बेटी के साथ सरेआम हाथापाई और मारपीट की। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। यह पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका फुटेज अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बीच-बचाव में आए स्थानीय लोग
वायरल फुटेज में कुछ लोग दुकान के बाहर वाहन खड़ा कर बहस करते नजर आ रहे हैं। देखते ही देखते मामूली कहासुनी ने उग्र रूप ले लिया और दबंगों ने मर्यादा लांघते हुए दुकान के अंदर घुसकर महिला और उसकी पुत्री के साथ मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुए इस हमले से चीख-पुकार मच गई।
आसपास मौजूद स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों ने जब बीच-बचाव किया, तब जाकर मामला शांत हुआ और आरोपी मौके से खिसक गए। हालांकि, 'अमर उजाला' वायरल वीडियो के सत्यता की पुष्टि नहीं करता है।
जांच के आधार पर विधिक कार्रवाई का आश्वासन
घटना के बाद पीड़िता सूचि गुप्ता ने फजलगंज थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ नामजद लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता का आरोप है कि दुकान के ठीक सामने गलत ढंग से गाड़ियां खड़ी करने से ग्राहकों को आने-जाने में परेशानी हो रही थी, जिसका विरोध करने पर आरोपी आगबबूला हो गए और उन्होंने मां-बेटी पर जानलेवा हमला कर दिया।
मामले में फजलगंज पुलिस का कहना है कि पीड़िता की तहरीर और सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपियों की शिनाख्त की जा रही है। जांच के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।