Kanpur: ई-रिक्शा चोरी गिरोह का भंडाफोड़, सरगना समेत तीन शामिर गिरफ्तार, पांच बैटरियां और एक ई-रिक्शा बरामद
Kanpur News: स्वरूप नगर पुलिस ने नशीला पदार्थ खिलाकर ई-रिक्शा और बैटरियां चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के सरगना और उसके दो साथियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से एक ई-रिक्शा समेत पांच बैटरियां बरामद की हैं।
विस्तार
कानपुर में नशीला पदार्थ खिलाकर ई-रिक्शा और उसकी बैटरियां चोरी करने वाले गिरोह का स्वरूप नगर पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। मामले में पुलिस ने तीन शातिरों को गिरफ्तार किया है। शातिरों के खिलाफ शहर के कई थानों में मुकदमे दर्ज हैं।
डीसीपी सेंट्रल श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि ई-रिक्शा चोरी और उसकी बैटरियां चोरी करने वाले गिरोह के सरगना बाबूपुरवा के बगाही निवासी आकाश और खाड़ेपुर अर्रा निवासी विशाल शर्मा व महादेव नगर कच्ची बस्ती के मोहित कठेरिया को गिरफ्तार किया गया है। स्वरूप नगर पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर उनके पास से एक ई-रिक्शा और पांच बैटरियां बरामद की है।
आकाश पर नौ, विशाल पर पांच और मोहित पर तीन मुकदमे
डीसीपी सेंट्रल श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि शातिर आकाश पर फजलगंज, ग्वालटोली, जूही, कोतवाली, नौबस्ता, बाबूपुरवा, स्वरूपनगर में कुल नौ मुकदमे दर्ज हैं। वहीं विशाल पर स्वरूप नगर, ग्वालटोली और फजलगंज में पांच मुकदमे हैं। मोहित कठेरिया पर स्वरूप नगर में तीन मुकदमें दर्ज हैं।