Kanpur: बिजली कारीगर की पीट-पीटकर हत्या, शराब के पैसों को लेकर हुआ था विवाद, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
Kanpur News: नौबस्ता थाना क्षेत्र के हंसपुरम में शराब के पैसों के विवाद को लेकर आधा दर्जन लोगों ने एक बिजली कारीगर पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल अवस्था में परिजन उसे कांशीराम अस्पताल ले गए, जहाँ उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विस्तार
कानपुर में नौबस्ता थाना क्षेत्र के हंसपुरम में शराब के पैसों के विवाद में बिजली कारीगर की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि शराब के लिए रुपये मांगने पर इनकार करने से नाराज आधा दर्जन लोगों ने उस पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। गंभीर हालत में परिजन उसे कांशीराम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हंसपुरम निवासी हेमंत कुमार वर्मा (42) बिजली और प्लंबरिंग का काम करते थे। परिवार में पत्नी संध्या उर्फ मनीषा, बेटा अर्पित और बेटियां आराध्या व अर्पिता हैं। छोटे भाई अमित वर्मा ने बताया कि हेमंत शराब पीने के आदी थे। गुरुवार देर रात वह घर पर उदास बैठे थे। पूछने पर उन्होंने शराब पीने के लिए पैसे न होने की बात कही, जिस पर उन्होंने हेमंत को 200 रुपये दे दिए।
सिर और शरीर पर गंभीर चोटें थीं
इसके बाद शुक्रवार तड़के करीब तीन बजे वह घर से शराब पीने की बात कहकर निकल गए। करीब पांच बजे हेमंत लहूलुहान हालत में घर लौटे। उनके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें थीं। परिजनों के पूछने पर उन्होंने बताया कि इलाके के एक युवक ने शराब के लिए रुपये मांगे थे। मना करने पर उसने अपने साथियों को बुला लिया और सभी ने मिलकर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया।
सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है पुलिस
परिजन आनन-फानन उन्हें कांशीराम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान देर रात उनकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची नौबस्ता पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नौबस्ता थाना प्रभारी बहादुर सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।