Kanpur Dehat: बिजली टावर पर चढ़ा चोर, कंट्रोल रूम में फोन कर बोला- साथी भाग गए, प्लीज मुझे बचा लो
बिजली टावर पर चढ़ा चोर आपूर्ति बहाल होने से वहीं फंस गया। उसने 12:40 बजे खुद कंट्रोल रूम फोन कर मदद मांगी। दमकल जवानों ने रेस्क्यू शुरू कर चंद्रशेखर को सुरक्षित नीचे उतारा।
विस्तार
कानपुर देहात में अकबरपुर कोतवाली के नाथ का पुरवा गांव में बिजली की पारेषण लाइन के टावर पर सेपरेटर प्लेटें चोरी करने चढ़ा युवक बिजली आने पर फंस गया। तीन साथी उसे छोड़कर भाग गए। काफी देर तक इंतजार के बाद भी बिजली गुल नहीं हुई तो उसने पुलिस कंट्रोल रूम को फोन किया।
कहा कि साथी भाग गए, प्लीज मुझे बचा लो। कानपुर से अलीगढ़ के लिए गई 765 केवीए बिजली लाइन उमरन के पास से निकली है। मंगलवार रात करीब आठ बजे अकबरपुर कोतवाली के नाथ का पुरवा गांव के पास लगे टावर पर कानपुर के गुजैनी निवासी चंद्रशेखर सेपरेटर प्लेटें चुराने के लिए चढ़ गया।
जबकि तीन साथी नीचे मौजूद रहे। चंद्रशेखर जब टावर पर चढ़ा तब बिजली नहीं चल रही थी। उसने करीब 80 मीटर ऊंचाई से चार सेपरेटर खोले और नीचे फेंके। इसी दौरान करीब 11:30 बजे बिजली आपूर्ति बहाल हो गई। इसपर वह टावर पर इंसुलेटर के पास बैठा रहा। जबकि उसके साथी खोली गई प्लेटें लेकर फरार हो गए।
काफी देर इंतजार के बाद भी बिजली बंद नहीं हुई तो उसने 12:40 बजे खुद कंट्रोल रूम फोन कर बताया कि वह बिजली टावर पर फंसा है। एसपी सुनीति के निर्देश पर मुख्य अग्रिशमन अधिकारी सुरेंद्र सिंह, फायरमैन अनुभव सचान, रंजीत, राहुल आदि पहुंचे। रनियां पारेषण केंद्र से लखनऊ कंट्रोल से बात की गई।
इसके बाद बुधवार सुबह छह बजे बिजली आपूर्ति बंद कराई जा सकी। दमकल जवानों ने रेस्क्यू शुरू कर चंद्रशेखर को सुरक्षित नीचे उतारा। बारा चौकी पुलिस चंद्रशेखर को पकड़ कर ले गई। उससे पूछताछ की जा रही है। मुख्य अग्रिशमन अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलने के बाद से पूरी रात दमकल जवान मुस्तैद रहे। बिजली कटने के बाद रेस्क्यू शुरू किया गया।