Kanpur Dehat: हादसे में किसान की मौत, झींझक पुलिस चौकी की जीप ने कुचला, परिजनों ने किया हंगामा
परिजनों ने बताया कि शुक्रवार की रात रघुवीर मोहल्ले के ही जितेंद्र कुमार के बेटे के तिलक समारोह में शरीक होने के लिए किशौरा गांव स्थित एक गेस्ट हाउस में गए थे। रात में साइकिल से घर लौट रहे थे। रास्ते में झींझक चौकी की पुलिस जीप ने रघुवीर को टक्कर मार दी।
विस्तार
कानपुर देहात के मंगलपुर में झींझक पुलिस चौकी की जीप ने शुक्रवार की रात एक तिलक समारोह से लौट रहे साइकिल सवार किसान को कुचल दिया। सूचना पर पहुंचे परिजन किसान को लेकर सीएचसी गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद नाराज परिजनों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी व हंगामा किया। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की बात कहकर परिजनों को शांत कराया। झींझक कस्बे के द्वारिकागंज निवासी रघुवीर सिंह (60) खेतीबाड़ी करते थे।
परिजनों ने बताया कि शुक्रवार की रात रघुवीर मोहल्ले के ही जितेंद्र कुमार के बेटे के तिलक समारोह में शरीक होने के लिए किशौरा गांव स्थित एक गेस्ट हाउस में गए थे। रात में साइकिल से घर लौट रहे थे। रास्ते में झींझक चौकी की पुलिस जीप ने रघुवीर को टक्कर मार दी।
जैसे ही रघुवीर सड़क पर गिरे तभी जीप उनके ऊपर से गुजर गई। आसपास के लोगों के जुटने पर जीप पर सवार पुलिसकर्मियों ने घायल रघुवीर को सरकारी जीप पर बैठा लिया। उसी दौरान सूचना पाकर परिवार के लोग भी वहां पहुंच गए और उन्हें सीएचसी ले गए।
वहां डॉ. शिरोमणि ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजनों ने जीप चालक पर कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा और नारेबाजी की। मौके पर मौजूद कर्मियों ने तहरीर के आधार पर कार्रवाई करने का भरोसा देकर आक्रोशित लोगों को शांत कराया। रघुवीर के परिवार के बृजेश सिंह ने पुलिस जीप की टक्कर से मौत की बात कही है। थाना प्रभारी एसएन सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।