Kanpur Dehat: फसल बर्बाद करने पर संरक्षित मवेशी पर हमला, लाठी-डंडे व बरछी से मार डाला, 12 पर केस
मवेशी के शव का डॉ. ज्योति यादव से पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे दफना दिया गया है। दरोगा मंजीत दयाल की तहरीर पर गांव के गोविंद, अरविंद, रविंद, लंबू, छोटू समेत 12 लोगों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम व अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
विस्तार
कानपुर देहात के रूरा थाना क्षेत्र में खेतों में फसल बर्बाद करने और राहगीरों पर हमलावर होने से नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार को एक संरक्षित मवेशी पर लाठी डंडों व बरछी से हमला कर मार डाला। मामले में पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।
वहीं, थाने के दरोगा की तहरीर पर पांच नामजद समेत 12 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। घटना रूरा क्षेत्र के करिंगापुर गांव में हुई। करिंगापुर गांव में काफी समय से एक संरक्षित मवेशी छुट्टा धूम रहा था। यह खेतों में घुसकर किसानों की फसल बर्बाद कर देता था और राह चलते लोगों को अचानक दौड़ा लेता था।
इससे परेशान ग्रामीणों ने कई बार नगर पंचायत और प्रशासनिक अफसरों से संरक्षित मवेशी को पकड़कर गोशाला भेजने की गुजारिश की। अफसरों के अनसुना करने से ग्रामीणों की नाराजगी इतनी बढ़ गई कि मंगलवार को लोगों ने संरक्षित मवेशी पर लाठी-डंडों और बरछी से हमला कर दिया।
इस दौरान संरक्षित मवेशी जान बचाने के लिए भागता रहा। गांव के बाहर स्थित तालाब के पास गिरकर कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। थाना प्रभारी समर बहादुर सिंह ने बताया कि ग्रामीणों से मिली जानकारी के बाद दरोगा मंजीत दयाल व दिनेश भारती को मौके पर जांच के लिए भेजा गया था।
मवेशी के शव का डॉ. ज्योति यादव से पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे दफना दिया गया है। दरोगा मंजीत दयाल की तहरीर पर गांव के गोविंद, अरविंद, रविंद, लंबू, छोटू समेत 12 लोगों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम व अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।